वाइस एडमिरल मनीष चड्ढा, ए.वी.एस.एम., वी.एस.एम. ने 03 अगस्त 2026 को नौसेना परिचालन महानिदेशक का कार्यभार संभाला।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला के 78वें पाठ्यक्रम के पूर्व छात्र वाइस एडमिरल मनीष चड्ढा ने 01 जुलाई 1991 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त किया। फ्लैग ऑफिसर संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ हैं। वे रक्षा सेवा स्टाफ महाविद्यालय, वेलिंगटन के 61वें पाठ्यक्रम के पूर्व छात्र हैं और उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, वाशिंगटन, संयुक्त राज्य अमेरिका से उच्च कमान पाठ्यक्रम पूरा किया।35 वर्षों से अधिक के अपने विशिष्ट सेवाकाल में फ्लैग ऑफिसर ने समुद्र और तट दोनों पर कमान, परिचालन, प्रशिक्षण तथा स्टाफ से जुड़ी अनेक नियुक्तियाँ संभाली हैं। समुद्र में उनकी प्रमुख नियुक्तियों में तटरक्षक इंटरसेप्टर बोट सी.जी.एस.-05 तथा भारतीय नौसेना पोत वीर, कृपाण और मैसूर की कमान शामिल है।
फ्लैग ऑफिसर ने भारतीय दूतावास, मास्को में नौसेना अताशे के रूप में भी सेवाएँ दीं। नौसेना मुख्यालय में उन्होंने वी.एल.एफ. और उपग्रह संचार से जुड़ी परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का संचालन किया तथा अंतर्राष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा 2016 के निदेशक के रूप में भी कार्य किया।फ्लैग रैंक पर पदोन्नति के बाद उन्होंने फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग गुजरात नौसेना क्षेत्र, सहायक कार्मिक प्रमुख (प्रशासन एवं असैन्य), फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग महाराष्ट्र नौसेना क्षेत्र तथा सहायक कार्मिक प्रमुख (मानव संसाधन विकास) के पदों पर कार्य किया।
वाइस एडमिरल के पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्हें भारतीय नौसेना अकादमी का कमांडेंट नियुक्त किया गया, जहाँ उन पर ‘भविष्य के नौसैनिक नेतृत्व को आकार देने...’ का दायित्व था।अपनी विशिष्ट सेवा के लिए फ्लैग ऑफिसर को 2025 में अति विशिष्ट सेवा पदक तथा 2017 में विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।