वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद, ए.वी.एस.एम., वाई.एस.एम. ने 01 अगस्त 2026 को उप नौसेना प्रमुख का कार्यभार संभाला।
नौसेना अकादमी, गोवा के 38वें इंटीग्रेटेड कैडेट कोर्स के पूर्व छात्र वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद ने 01 जुलाई 1990 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त किया। फ्लैग ऑफिसर श्रेणी ‘ए’ सी किंग वायु परिचालन अधिकारी तथा संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ हैं। वे रक्षा सेवा स्टाफ महाविद्यालय, वेलिंगटन तथा नौसेना युद्ध महाविद्यालय, गोवा के नौसेना उच्च कमान पाठ्यक्रम के पूर्व छात्र हैं।36 वर्षों से अधिक के अपने विशिष्ट सेवाकाल में फ्लैग ऑफिसर ने समुद्र और तट दोनों पर कमान, परिचालन, प्रशिक्षण तथा स्टाफ से जुड़ी अनेक नियुक्तियाँ संभाली हैं। समुद्र में उनकी प्रमुख नियुक्तियों में गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर भा.नौ.पो. राजपूत के कार्यकारी अधिकारी का दायित्व तथा पनडुब्बी रोधी युद्ध गश्ती पोत भा.नौ.पो. अभय, लैंडिंग शिप टैंक (लार्ज) भा.नौ.पो. शार्दूल और गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट भा.नौ.पो. सतपुरा की कमान शामिल है। गलवान की घटना के बाद ऑपरेशन स्नो लेपर्ड के दौरान उन्होंने पश्चिमी बेड़े के फ्लीट परिचालन अधिकारी के रूप में भी सेवाएँ दीं। फ्लैग ऑफिसर ने 1999 में ऑपरेशन विजय और 2001 में ऑपरेशन पराक्रम में भाग लिया।
तट पर फ्लैग ऑफिसर ने श्री विजया पुरम स्थित नौसेना वायु स्टेशन भा.नौ.पो. उत्क्रोश की कमान संभाली तथा रक्षा सेवा स्टाफ महाविद्यालय, वेलिंगटन में डायरेक्टिंग स्टाफ के रूप में सेवाएँ दीं। नौसेना मुख्यालय में उनकी प्रमुख नियुक्तियों में संयुक्त निदेशक नौसेना वायु स्टाफ, निदेशक तथा प्रधान निदेशक विमान अधिग्रहण शामिल हैं। वे 2006 से 2009 तक सामरिक लेखा परीक्षा समूह के तथा 2016 से 2019 तक भारतीय नौसेना सामरिक एवं परिचालन परिषद के सदस्य भी रहे। रियर एडमिरल के पद पर पदोन्नति के बाद उन्होंने भारतीय नौसेना अकादमी के उप कमांडेंट, सहायक नौसेना प्रमुख (वायु) तथा फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग महाराष्ट्र नौसेना क्षेत्र के पदों पर कार्य किया।
वाइस एडमिरल के पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्होंने 13 दिसंबर 2023 से 31 जुलाई 2026 तक नौसेना परिचालन महानिदेशक के रूप में सेवाएँ दीं। डी.जी.एन.ओ. के रूप में वे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय नौसेना की योजना, तैयारी और परिचालन तत्परता तथा पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट के दौरान समुद्री सुरक्षा अभियानों के संचालन से निकटता से जुड़े रहे।
अपनी विशिष्ट सेवा और परिचालन नेतृत्व के लिए फ्लैग ऑफिसर को 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक तथा 2025 में युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया।उन्होंने वाइस एडमिरल तरुण सोबती, यू.वाई.एस.एम., ए.वी.एस.एम., वी.एस.एम. का स्थान लिया है, जो 38 वर्षों से अधिक की विशिष्ट सेवा के बाद 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए।