चार दिवसीय बहुराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2 दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि में 23 जुलाई 2026 को संपन्न हुआ। दक्षिणी नौसेना कमान तथा भारतीय नौसेना के नेतृत्व वाले कंबाइंड टास्क फोर्स 154 के तत्वावधान में कंबाइंड मैरीटाइम फोर्सेज (सी.एम.एफ.) के साथ साझेदारी में भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित इस समारोह में 27 देशों के 276 कर्मी शामिल हुए, जिन्हें 76 सुविधाप्रदाताओं और विषय विशेषज्ञों का सहयोग प्राप्त हुआ तथा इसमें चार अंतर्राष्ट्रीय संगठनों ने भागीदारी की।इस कार्यक्रम का उद्घाटन 20 जुलाई 2026 को मुख्यालय दक्षिणी नौसेना कमान के चीफ स्टाफ ऑफिसर (प्रशिक्षण) रियर एडमिरल दीपक सिंघल द्वारा कंबाइंड मैरीटाइम फोर्सेज के उप कमांडर कमोडोर डैन थॉमस, वरिष्ठ अधिकारियों तथा भाग लेने वाले देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। 23 जुलाई 2026 को आयोजित समापन समारोह में सी.टी.एफ. 154 के कमांडर कमोडोर मिलिंद एम मोकाशी ने समापन भाषण दिया, सुविधाप्रदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए तथा चीफ स्टाफ ऑफिसर (प्रशिक्षण) ने विदाई संबोधन दिया।
इस कार्यक्रम में व्यावसायिक चर्चाओं, सिम्युलेटर आधारित निर्देशों और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से समुद्री सुरक्षा, विधिक तथा परिचालन दृष्टिकोणों को एक साथ लाया गया। सत्रों में समुद्री क्षेत्र जागरूकता एवं सूचना साझाकरण, समुद्री विधि, मादक द्रव्य रोधी उपाय, बल संरक्षण उपाय, असममित खतरे, समुद्री मानवरहित प्रणालियाँ तथा परिचालन समुद्री प्रशिक्षण जैसे विषय शामिल रहे। क्षेत्र विशिष्ट प्रशिक्षण भारतीय नौसेना के योगदान से संचालित हुआ, जिसमें सूचना संलयन केंद्र - हिंद महासागर क्षेत्र (आई.एफ.सी.-आई.ओ.आर.), संयुक्त समुद्री सूचना केंद्र (जे.एम.आई.सी.) जैसे सी.एम.एफ. घटक तथा संयुक्त राष्ट्र मादक द्रव्य एवं अपराध कार्यालय (यू.एन.ओ.डी.सी.) और आई.एम.ओ. अंतर्राष्ट्रीय समुद्री विधि संस्थान (आई.एम.ओ. आई.एम.एल.आई.) जैसे विशेषज्ञ अंतर्राष्ट्रीय संगठन शामिल थे।प्रतिभागियों ने भारतीय नौसेना पोत पर समुद्री प्रशिक्षण के अलावा क्षति नियंत्रण एवं अग्निशमन, समुद्री संचार, समुद्र में उत्तरजीविता तथा बोर्डिंग प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी लिया। इन गतिविधियों से प्रतिभागियों को अनुभव और सर्वोत्तम पद्धतियाँ साझा करने का अवसर मिला, जिससे समुद्री सेवाओं और संगठनों के बीच बेहतर समझ बनाने में योगदान मिला।
इस कार्यक्रम ने भाग लेने वाले देशों के बीच अंतर-संचालनीयता, व्यावसायिक नेटवर्क और परिचालन आत्मविश्वास को सुदृढ़ किया। सैद्धांतिक समझ को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ जोड़कर इसने क्षेत्रीय क्षमता निर्माण और सामूहिक समुद्री सुरक्षा में भी योगदान दिया। इस चार दिवसीय कार्यक्रम में 3,800 प्रशिक्षण मानव-घंटे सृजित हुए।ऑपरेशन सदर्न रेडीनेस 26-2 ने भारतीय नौसेना की आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना, अत्याधुनिक सिम्युलेटरों, उन्नत शिक्षण पद्धतियों तथा व्यावसायिक विशेषज्ञता को प्रदर्शित किया। इस अभ्यास के सफल आयोजन ने भारतीय नौसेना और सी.एम.एफ. की साझेदारी को सुदृढ़ किया है तथा सी.टी.एफ. 154 के नेतृत्व में भारतीय नौसेना की भूमिका को रेखांकित किया है, साथ ही अग्रणी प्रशिक्षण केंद्र और व्यावसायिक समुद्री प्रशिक्षण के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में दक्षिणी नौसेना कमान की भूमिका को भी उजागर किया है।