एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, नौसेना प्रमुख, 02 से 05 मई 2026 तक म्यांमार की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख म्यांमार सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ जनरल ये विन ऊ, म्यांमार के रक्षा मंत्री जनरल यू ह्तुन आंग और म्यांमार नौसेना के कमांडर-इन-चीफ एडमिरल ह्तेन विन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। इन बैठकों से दोनों नौसेनाओं के बीच चल रहे समुद्री सहयोग की समीक्षा करने, परिचालन स्तर पर सहयोग मजबूत करने और सहयोग के नए अवसर तलाशने का अवसर मिलेगा। इस यात्रा के तहत म्यांमार नौसेना के सेंट्रल नेवल कमांड, नेवल ट्रेनिंग कमांड और नंबर 1 फ्लीट में कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा म्यांमार सशस्त्र बलों के शहीद नायकों के युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में रक्षा सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी, जिसमें समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण, क्षमता वृद्धि और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
भारतीय नौसेना म्यांमार नौसेना के साथ रक्षा सहयोग बैठक, स्टाफ वार्ता, प्रशिक्षण आदान-प्रदान और परिचालन गतिविधियों के माध्यम से नियमित संपर्क बनाए रखती है। इनमें भारत-म्यांमार नौसैनिक अभ्यास (आई.एम.एन.ई.एक्स.), भारत-म्यांमार समन्वित गश्त (आई.एम.सी.ओ.आर.), पोर्ट विजिट और हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण शामिल हैं। इसके अलावा दोनों नौसेनाएं नियमित रूप से प्रशिक्षण आदान-प्रदान को आगे बढ़ाती हैं, बहुपक्षीय मंचों में भाग लेती हैं और क्षमता वृद्धि के लिए सहयोग करती हैं। म्यांमार ने भारतीय नौसेना द्वारा आयोजित हाल के सभी कार्यक्रमों जैसे इंडियन ओशन नेवल सिम्पोजियम, मिलन, इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू, गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव/सिम्पोजियम, आई.ओ.एस. एस.ए.जी.ए.आर. और एडमिरल्स कप में भाग लिया है। नौसेना प्रमुख की यह यात्रा भारत और म्यांमार के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों की पुनः पुष्टि करती है, जो पारस्परिक सम्मान, विश्वास और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा एवं स्थिरता के साझा संकल्प पर आधारित हैं।