Skip to main content

Home Quick Menu

नौसेना कमांडरों के सम्मेलन 2026 के दूसरे संस्करण का समापन

नौसेना कमांडरों के सम्मेलन 2026 के  दूसरे संस्करण का समापन
नौसेना कमांडरों के सम्मेलन 2026 के  दूसरे संस्करण का समापन

अर्धवार्षिक नौसेना कमांडरों के सम्मेलन 2026 का दूसरा संस्करण 29 सितंबर - 01 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया। यह शीर्ष स्तरीय सम्मेलन सैन्य-रणनीतिक स्तर पर नौसेना की परिचालन और सामग्री संबंधी तैयारियों की व्यापक समीक्षा के लिए एक मंच बना। तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, माननीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि और थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने नौसेना कमांडरों के साथ संवाद किया। इस सम्मेलन ने नौसेना कमांडरों को परिचालन तैयारियों, लॉजिस्टिक्स और रखरखाव संबंधी उपलब्धियों तथा प्रशिक्षण एवं मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए सुधारों पर विचार-विमर्श के लिए एक मंच पर एकत्र किया। इन पहलुओं पर बदलते वैश्विक सुरक्षा परिवेश और प्रौद्योगिकी में तीव्र प्रगति की पृष्ठभूमि में चर्चा की गई, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता को आत्मसात करना और स्वायत्त एवं मानवरहित प्रणालियों की बढ़ती भूमिका शामिल है।

माननीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने प्रौद्योगिकी को अपनाने में तेजी लाने और सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा क्वांटम प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में घरेलू क्षमताओं को मजबूत करने के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने राष्ट्रीय हितों की रक्षा में एक रणनीतिक बल गुणक के रूप में नौसेना की भूमिका को रेखांकित किया और ऊर्जा सुरक्षा बनाए रखने के प्रति भारतीय नौसेना की परिचालन प्रतिबद्धता के साथ-साथ प्रौद्योगिकी को आत्मसात करने और स्वदेशीकरण की दिशा में उसके निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रौद्योगिकी-संचालित परिवर्तन, लचीलेपन और रक्षा बलों के बीच अधिक एकीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए भारतीय सेना की तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कमांडरों के सम्मेलन के दौरान हुए प्रमुख विचार-विमर्श में युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय, एकजुट और भविष्य के लिए तैयार बल के निर्माण की दिशा में संयुक्तता, अंतर-एजेंसी समन्वय, संसाधनों के इष्टतम उपयोग और रणनीतिक तालमेल पर जोर दिया गया।