भारतीय नौसेना कमांडरों का सम्मेलन 01/2026, 14 अप्रैल 2026 को नौ सेना भवन में शुरू हुआ। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने वरिष्ठ नौसैनिक नेतृत्व, बाहरी तैनाती पर मौजूद परिचालन और क्षेत्रीय कमांडरों तथा कमान मुख्यालय और नौसेना मुख्यालय के अधिकारियों को उद्घाटन संबोधन दिया। नौसेना प्रमुख ने भारत के समुद्री हितों की रक्षा में नौसेना की उपलब्धियों की सराहना की। इनमें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, परिचालन गतिविधियों की बढ़ी हुई गति और अंतर-सेवा समन्वय में मजबूती शामिल है। उन्होंने युद्ध तत्परता पर लगातार ध्यान बनाए रखने और भविष्य के लिए तैयार बल के निर्माण के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर बल दिया।
नौसेना प्रमुख ने उभरते भू-रणनीतिक परिदृश्य में आई.ओ.आर. और उससे आगे भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धताओं को दोहराया। उन्होंने बहुपक्षीय और द्विपक्षीय अभ्यासों के माध्यम से मित्र देशों के साथ सक्रिय सहयोग बढ़ाने और समन्वित तथा विश्वसनीय दृष्टिकोण अपनाने के महत्व को भी रेखांकित किया। सम्मेलन के दौरान कई परिचालन विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें संयुक्तता से जुड़े प्रमुख मुद्दे, क्षमता संवर्धन (समुद्र में और तट पर), रखरखाव और रिफिट, बहु-आयामी सुरक्षा प्रक्रियाएँ, प्रशिक्षण, विदेशी सहयोग, मानव संसाधन से जुड़े विषय तथा नवाचार और स्वदेशीकरण शामिल थे। सी.डी.एस. जनरल अनिल चौहान ने भी नौसेना कमांडरों को संबोधित किया और उनसे बातचीत की। उन्होंने बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए और नौसेना से युद्ध के तेजी से बदलते स्वरूप को ध्यान में रखते हुए योजना बनाने का आग्रह किया, जिसमें आर्थिक और प्रौद्योगिकी से जुड़े पहलू भी शामिल हैं।