भारतीय नौसेना का पाल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी अपने चल रहे लोकायन 26 अंतर-महासागरीय अभियान के तहत 23 सितंबर 2026 को मिस्र के ऐतिहासिक पोर्ट शहर अलेक्जेंड्रिया पहुँचा। यह पोर्ट कॉल पोत की तैनाती के दौरान अलेक्जेंड्रिया की दूसरी यात्रा है।10 महीने का यह अभियान 20 जनवरी 2026 को कोच्चि से शुरू हुआ था, जिसके तहत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी का 13 देशों के 18 पोर्ट से होते हुए लगभग 22,000 समुद्री मील की दूरी तय करना निर्धारित है। यात्रा पर निकलने के बाद से तीन मस्तूल वाले इस बार्क ने अरब सागर, लाल सागर और भूमध्य सागर की यात्रा की है, स्वेज़ नहर से पारगमन किया है और फ्रांस के प्रतिष्ठित एस्काल आ सेत समुद्री महोत्सव में भाग लिया है।
इसके बाद पोत ने भा.नौ.पो. सुदर्शिनी द्वारा पहली बार अटलांटिक महासागर पार करने की ऐतिहासिक यात्रा की और केप वर्डे से 19 दिन के समुद्री सफर के बाद 27 मई 2026 को एंटीगुआ पहुँचा। इस सफर के दौरान पोत ने कोच्चि से रवाना होने के बाद 10,000 समुद्री मील का पड़ाव पार किया। तत्पश्चात पोत ने एज़ोर्स और पुर्तगाल की ओर नौकायन किया और 22 अगस्त 2026 को लिस्बन पहुँचने के साथ ही सात महीनों में अपनी 15वीं पोर्ट यात्रा पूरी की।चल रही इस यात्रा के दौरान प्रशिक्षुओं ने लंबी दूरी के महासागरीय नौचालन और पारंपरिक समुद्री कौशल का व्यापक अनुभव प्राप्त किया है। भूमध्य सागर से होकर की गई यात्रा ने उन्हें खुले समुद्र में पोत संचालन, पालों के संचालन और पारंपरिक समुद्री कौशल का और अधिक व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया है।अलेक्जेंड्रिया पहुँचने पर भा.नौ.पो. सुदर्शिनी का स्वागत भारतीय दूतावास के प्रतिनिधियों के साथ अलेक्जेंड्रिया नौसेना बेस के कमांडर रियर एडमिरल मोहम्मद अब्देल अज़ीज़ द्वारा किया गया। इस पोर्ट कॉल में मिस्र की नौसेना के साथ शिष्टाचार भेंट, क्रॉस-डेक दौरे और पेशेवर संवाद शामिल होंगे, जिससे पेशेवर आदान-प्रदान के अवसर मिलेंगे और भारत तथा मिस्र के बीच समुद्री संबंध और मज़बूत होंगे।
लोकायन 26 पेशेवर प्रशिक्षण, समुद्री संपर्क और साझेदार देशों के साथ मित्रता एवं सहयोग के बंधन को मज़बूत करने के प्रति भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस तैनाती के माध्यम से भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने भारत की समृद्ध समुद्री विरासत के एक तैरते राजदूत के रूप में कार्य किया है और महासागरों के पार वसुधैव कुटुम्बकम् का संदेश तथा एम.ए.एच.ए.एस.ए.जी.ए.आर.(क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) का दृष्टिकोण पहुँचाया है।