भारतीय नौसेना का पाल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी सफल पोर्ट कॉल पूरा करने के बाद 12 सितंबर 2026 को लिवोर्नो, इटली से रवाना हुआ। अपने प्रवास के दौरान पोत ने व्यावसायिक संवादों और क्रॉस-ट्रेनिंग भ्रमणों की शृंखला में भाग लिया, जिससे दोनों देशों के बीच मैत्री और समुद्री साझेदारी के बंधन मजबूत हुए।
इतालवी नौसेना प्रमुख एडमिरल ज्यूसेप्पे बेरुत्ती बेरगोत्तो ने भा.नौ.पो. सुदर्शिनी का दौरा किया और पोत के चालक दल तथा प्रशिक्षुओं से बातचीत की। उन्हें पोत की यात्रा और प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी गई। भा.नौ.पो. सुदर्शिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने इतालवी नौसेना अकादमी के कमांडेंट रियर एडमिरल अल्बर्टो तारबोत्तो से भेंट की और चल रहे अभियान के अनुभव साझा किए। लिवोर्नो के महापौर श्री लुका साल्वेत्ती और लिवोर्नो के उप प्रीफेक्ट श्री एदोआर्दो लोम्बार्दी के साथ भी संवाद हुआ।
प्रशिक्षण आदान-प्रदान के तहत भारतीय समुद्री प्रशिक्षुओं ने आई.टी.एस. विर्जिनियो फसान और इतालवी नौसेना अकादमी का दौरा किया, जबकि इतालवी नौसैनिक कर्मियों ने भा.नौ.पो. सुदर्शिनी का दौरा किया, जिससे व्यावसायिक सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा मिला। पोत पर एक डेक स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ इतालवी नौसैनिक अधिकारी, स्थानीय प्राधिकारी, राजनयिक प्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।
भा.नौ.पो. सुदर्शिनी लोकायन 2026 के तहत अपनी यात्रा जारी रखते हुए समुद्री साझेदारी की भावना और महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) के दृष्टिकोण को आगे ले जा रहा है।