भारतीय नौसेना का पाल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी 4 जुलाई 2026 को संयुक्त राज्य अमेरिका अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक समीक्षा (United States International Naval Review 250) एवं सेल4थ 250 (Sail4th 250) समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए न्यूयॉर्क बंदरगाह पहुँचा। हडसन नदी पर आयोजित भव्य परेड ऑफ सेल के दौरान तीन मस्तूलों वाला यह प्रतिष्ठित बार्क गर्व के साथ भारतीय तिरंगा फहराते हुए भारत की समृद्ध समुद्री विरासत और सदियों पुरानी नौवहन परंपराओं का प्रतीक बना।
यह यात्रा पोत के 10 माह लंबे अंतर-महासागरीय अभियान 'लोकायन 2026' का हिस्सा है, जो समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने, अंतरराष्ट्रीय सद्भावना को बढ़ावा देने तथा मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ सहभागिता को और गहरा करने के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नॉरफ़ॉक एवं बाल्टीमोर में आयोजित सेल 250 कार्यक्रमों में सफल सहभागिता के उपरांत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी अब ब्रुकलिन में सेल4थ 250 समारोह के लिए लंगर डाले हुए है, जो संयुक्त राज्य अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित क्षितिज (स्काईलाइन) की पृष्ठभूमि में भा.नौ.पो. सुदर्शिनी भारत की समृद्ध समुद्री विरासत का गौरवशाली प्रतीक बनकर खड़ा है। यह बंदरगाह यात्रा केवल अटलांटिक महासागर की एक समुद्री यात्रा नहीं, बल्कि भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच स्थायी मित्रता, पारस्परिक सम्मान तथा निरंतर सुदृढ़ होती समुद्री साझेदारी का भी प्रतीक है।अटलांटिक महासागर के विशाल जलक्षेत्र से लेकर न्यूयॉर्क के ऐतिहासिक बंदरगाह तक भा.नौ.पो. सुदर्शिनी भारत की समुद्री परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए विश्व के महासागरों में मित्रता, सहयोग तथा समुद्री संबंधों को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।