Skip to main content

Home Quick Menu

कोलकाता में भारतीय नौसेना के तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म सेवा में शामिल होंगे

भारतीय नौसेना कोलकाता में तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म को कमीशन करने के लिए तैयार
भारतीय नौसेना कोलकाता में तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म को कमीशन करने के लिए तैयार
भारतीय नौसेना कोलकाता में तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म को कमीशन करने के लिए तैयार
भारतीय नौसेना कोलकाता में तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म को कमीशन करने के लिए तैयार
भारतीय नौसेना कोलकाता में तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म को कमीशन करने के लिए तैयार
भारतीय नौसेना कोलकाता में तीन स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफॉर्म को कमीशन करने के लिए तैयार

भारतीय नौसेना 21 जून 2026 को कोलकाता में स्वदेशी रूप से निर्मित तीन अग्रिम पंक्ति के नौसैनिक प्लेटफॉर्म डुनागिरि, संशोधक और अग्रय को सेवा में शामिल करने जा रही है।

 

इस ऐतिहासिक समारोह की अध्यक्षता माननीय प्रधानमंत्री करेंगे।

भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा अभिकल्पित और कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जी.आर.एस.ई.) द्वारा निर्मित ये पोत समुद्री युद्ध, हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण और पनडुब्बी रोधी युद्धक क्षमता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिचालन क्षमताओं का परिचय देते हैं। ये तीनों प्लेटफॉर्म क्षमता विकास के प्रति नौसेना के संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाते हैं तथा दूरस्थ समुद्री अभियानों को सुदृढ़ बनाने, समुद्री क्षेत्र संबंधी जागरूकता बढ़ाने और उभरते खतरों से तटीय जलक्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डुनागिरि प्रोजेक्ट 17A का पाँचवाँ स्टेल्थ फ्रिगेट है, जो ब्रह्मोस सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों और मीडियम रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल प्रणाली सहित उन्नत हथियारों एवं सेंसरों से सुसज्जित है। इससे नौसेना की युद्धक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

संशोधक चौथा सर्वेक्षण पोत (बड़ा) है, जिसे तटीय तथा गहरे समुद्री क्षेत्रों में हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण करने और रक्षा एवं नागरिक उपयोग के लिए समुद्र विज्ञान तथा भू-भौतिकीय आँकड़े एकत्र करने के उद्देश्य से अभिकल्पित किया गया है। यह स्वायत्त अंडरवाटर वाहनों और रिमोटली ऑपरेटेड वाहनों सहित उन्नत सर्वेक्षण प्रणालियों से सुसज्जित है।

अग्रय अर्नाला श्रेणी के पनडुब्बी रोधी शैलो वाटर क्राफ्ट का चौथा पोत है। यह हल्के टॉरपीडो, स्वदेशी रॉकेट लॉन्चरों तथा उथले जल के सोनार प्रणालियों से सुसज्जित है, जिससे तटीय जलक्षेत्र में पानी के भीतर मौजूद खतरों का पता लगाना और उनका मुकाबला करना संभव हो पाता है।

ये तीनों प्लेटफॉर्म भारत के स्वदेशी जहाज निर्माण पारितंत्र की बढ़ती परिपक्वता को प्रदर्शित करते हैं। इनमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है। इनके निर्माण में 200 से अधिक एम.एस.एम.ई. सहित भारतीय उद्योग की व्यापक भागीदारी रही है और इससे प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन हुआ है।

इन पोतों का सेवा में शामिल होना आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और भारत की समुद्री क्षमताओं को सुदृढ़ करने के लिए भारत सरकार, भारतीय नौसेना, सार्वजनिक क्षेत्र के शिपयार्डों, निजी उद्योग तथा एम.एस.एम.ई. के साझा प्रयासों को रेखांकित करता है।