प्रमुख रक्षा अध्यक्ष एवं सैन्य कार्य विभाग के सचिव जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने महानिदेशक सीबर्ड वाइस एडमिरल विवेक दहिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में 08 अक्टूबर 2026 को नौसेना बेस, कारवार में प्रोजेक्ट सीबर्ड चरण IIA के तहत भारतीय नौसेना के वरिष्ठ नाविकों और रक्षा असैन्य कर्मियों के लिए आवास के साथ-साथ महत्वपूर्ण ट्रंक यूटिलिटी और सुविधा अवसंरचना का उद्घाटन किया।
ईस्ट ऑफ मंजिल क्रीक (ई.ओ.एम.सी.) और अमदल्ली में 08 अक्टूबर 2026 को उद्घाटित आवास में 60 आवासीय इकाइयों (डी.यू.) वाला वरिष्ठ नाविकों के विवाहित आवास का एक टावर, नौसेना रक्षा असैन्य कर्मियों के लिए 60 डी.यू. का एक टावर, 156 डी.एस.सी. कर्मियों के लिए इनलिविंग आवास और एक के.जी. स्कूल शामिल हैं। सुविधाओं सहित आवासीय भवनों का निर्माण मेसर्स एन.सी.सी. लिमिटेड, हैदराबाद द्वारा तथा ट्रंक अवसंरचना का निर्माण मेसर्स सेमइंडिया प्रोजेक्ट्स इंडिया लिमिटेड द्वारा किया गया है।ये अवसंरचना विकास कार्य कारवार में पोतों और पनडुब्बियों को आधार प्रदान करने हेतु प्रोजेक्ट सीबर्ड के जारी चरण IIA का हिस्सा हैं। इसके दायरे में एक दोहरे उपयोग वाले नौसेना वायु स्टेशन, एक पूर्ण विकसित नौसेना डॉकयार्ड और पोतों तथा विमानों के लिए लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का निर्माण शामिल है। लगभग 10,000 वर्दीधारी और असैन्य कर्मियों तथा उनके परिवारों को आवास प्रदान करने वाला यह नौसेना बेस स्थानीय अर्थव्यवस्था, उद्योग और पर्यटन को उल्लेखनीय बढ़ावा देगा और उत्तर कन्नड़ क्षेत्र के लिए अनेक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करेगा।
यह परियोजना पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एम.ओ.ई.एफ. एंड सी.सी.) तथा इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आई.जी.बी.सी.) के मौजूदा मानदंडों के अनुरूप है और पूर्ण होने पर इसे आई.जी.बी.सी. गोल्ड रेटिंग प्रदान की जाएगी। यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के अनुरूप है, जिसके अंतर्गत 90% से अधिक सामग्री और उपकरण घरेलू स्रोतों से प्राप्त किए जा रहे हैं।