पाँच पोतों की डाइविंग सपोर्ट क्राफ्ट (डी.एस.सी.) परियोजना के पाँचवें पोत डी.एस.सी. ए24 का जलावतरण 01 अगस्त 2026 को टीटागढ़, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में कार्मिक प्रमुख वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह की उपस्थिति में श्रीमती कमल सिंह द्वारा किया गया। यह समारोह भारतीय नौसेना तथा मेसर्स टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड (टी.आर.एस.एल.) के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पूर्ण नौसैनिक परंपराओं और औपचारिक भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
डाइविंग सपोर्ट क्राफ्ट का निर्माण मेसर्स टी.आर.एस.एल., कोलकाता द्वारा किया जा रहा है। कैटामरान-हल संरचना और लगभग 300 से 400 टन के विस्थापन वाले ये पोत बेहतर स्थिरता, अधिक डेक क्षेत्र तथा समुद्र में उन्नत स्थायित्व प्रदान करते हैं, जिससे ये डाइविंग अभियानों के लिए उपयुक्त बनते हैं। इनका डिजाइन और निर्माण इंडियन रजिस्टर ऑफ शिपिंग (आई.आर.एस.) के नौसैनिक नियमों और विनियमों के अनुरूप किया गया है।
इन पोतों के शामिल होने से भारतीय नौसेना की डाइविंग सहायता, पानी के भीतर निरीक्षण, साल्वेज सहायता तथा तटीय परिचालन तैनाती संबंधी क्षमताओं में वृद्धि होगी। मुख्य और सहायक उपकरणों में से 70 प्रतिशत स्वदेशी निर्माताओं से प्राप्त होने के कारण डाइविंग सपोर्ट क्राफ्ट भारत सरकार (जी.ओ.आई.)/ रक्षा मंत्रालय (एम.ओ.डी.) की आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया पहल के गौरवशाली ध्वजवाहक हैं।