Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना उत्कृष्टता और नवाचार के उत्सव हेतु नौसैनिक असैनिक समारोह आयोजित करेगी

भारतीय नौसेना उत्कृष्टता और नवाचार के उत्सव हेतु नौसैनिक असैनिक समारोह आयोजित करेगी
भारतीय नौसेना उत्कृष्टता और नवाचार के उत्सव हेतु नौसैनिक असैनिक समारोह आयोजित करेगी

भारतीय नौसेना 23 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में नौसैनिक असैनिक समारोह आयोजित करेगी। भारतीय नौसेना की परिचालन तत्परता बढ़ाने में नौसैनिक असैनिक कर्मियों के अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में माननीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस समारोह में नौसेना मुख्यालय, कमान मुख्यालयों तथा विभिन्न इकाइयों द्वारा प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, डिजिटल परिवर्तन को गति देने तथा प्रशिक्षण एवं कल्याण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए गए प्रमुख प्रयासों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। पिछले एक वर्ष के दौरान मानव संसाधन प्रबंधन को सुदृढ़ करने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार लाने तथा समग्र कल्याण बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। प्रमुख उपलब्धियों में पदोन्नतियों को सुव्यवस्थित करने हेतु नीतियों का जारी किया जाना, जटिल दिशा-निर्देशों पर स्पष्टीकरण जारी करना तथा स्थानांतरण और क्रम से बाहर पदोन्नतियों का विनियमन शामिल है। सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने के लिए आभार समारोह की शुरुआत तथा पात्र कार्मिकों को एम.ए.सी.पी. (संशोधित सुनिश्चित कैरियर प्रगति) और एन.एफ.यू. (गैर-कार्यात्मक उन्नयन) समय पर प्रदान किया जाना भी इसमें शामिल है। 

वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप भर्ती नियमों में संशोधन और अद्यतन, कौशल विकास हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं कार्यशालाओं के आयोजन तथा कल्याणकारी पहलों के क्रियान्वयन के लिए भी प्रयास किए गए हैं। इनमें प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, सी.जी.एस.पी. (केंद्रीय सरकार वेतन पैकेज) खातों के लिए भारतीय स्टेट बैंक तथा जीवन बीमा कवरेज हेतु बजाज आलियांज के साथ समझौता ज्ञापन शामिल हैं। साथ ही कार्मिकों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण पर केंद्रित कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया है। डिजिटल परिवर्तन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की गई है। इनमें एन.सी.एम.आई.एस. (नौसैनिक असैनिक प्रबंधन एकीकृत प्रणाली) संस्करण 2.0 (सक्षम) का कार्यान्वयन, आई.जी.ओ.टी. कर्मयोगी भारत मंच पर अनुकूलित प्रशिक्षण मॉड्यूल (नवकल्प) का विकास तथा नौसैनिक असैनिक कर्मियों के लिए रक्षा यात्रा प्रणाली (डी.टी.एस.) और डिजिलॉकर सुविधाओं का विस्तार शामिल है। समारोह के दौरान चयनित नौसैनिक असैनिक कर्मियों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान और श्रेष्ठ कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय मुख्य अतिथि द्वारा एन.सी.एम.आई.एस. संस्करण 2.0 (सक्षम), आई.जी.ओ.टी. मंच पर विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल (नवकल्प) तथा अर्धवार्षिक पत्रिका उदंतिका का औपचारिक उद्घाटन भी किया जाएगा।