Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट ‘महेंद्रगिरि’ को पूर्वी बेड़े में करेगी शामिल

भारतीय नौसेना स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट ‘महेंद्रगिरि’ को पूर्वी बेड़े में करेगी शामिल
भारतीय नौसेना स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट ‘महेंद्रगिरि’ को पूर्वी बेड़े में करेगी शामिल
भारतीय नौसेना स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट ‘महेंद्रगिरि’ को पूर्वी बेड़े में करेगी शामिल
भारतीय नौसेना स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट ‘महेंद्रगिरि’ को पूर्वी बेड़े में करेगी शामिल

भारतीय नौसेना 11 जुलाई 2026 को विशाखापत्तनम में आयोजित एक समारोह में प्रोजेक्ट 17ए की छठी स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट महेंद्रगिरि (एफ38) को अपने पूर्वी बेड़े में शामिल करने जा रही है। माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित होने वाला यह कमीशनिंग समारोह भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता तथा स्वदेशी युद्धपोत निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक होगा।भारतीय नौसेना के वारशिप डिज़ाइन ब्यूरो (डब्ल्यूडीबी) द्वारा स्वदेश में अभिकल्पित तथा मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल), मुंबई द्वारा निर्मित महेंद्रगिरि भारत की अग्रिम पंक्ति की स्टील्थ फ्रिगेटों के नवीनतम स्वरूप का प्रतिनिधित्व करती है। उन्नत स्टील्थ विशेषताओं, बेहतर उत्तरजीविता, कम रडार परावर्तन (रडार सिग्नेचर) तथा उच्च स्तर की स्वचालन क्षमता से युक्त यह युद्धपोत नौसैनिक युद्ध के सभी आयामों में समुद्री अभियानों के संपूर्ण स्पेक्ट्रम का संचालन करने में सक्षम है।

75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री से निर्मित यह पोत भारत सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल की सफलता का प्रतीक है तथा भारतीय जहाज निर्माण पारिस्थितिकी तंत्र की बढ़ती क्षमता को प्रदर्शित करता है। इसके निर्माण में अनेक भारतीय उद्योगों, विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिससे देश के रक्षा औद्योगिक आधार को सुदृढ़ करने के साथ-साथ व्यापक रोजगार सृजन भी हुआ है।महेंद्रगिरि अत्याधुनिक स्वदेशी हथियारों, सेंसरों तथा इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली से सुसज्जित है, जो इसे वायु-रोधी, सतह-रोधी तथा पनडुब्बी-रोधी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सक्षम बनाते हैं। यह युद्धपोत समुद्री सुरक्षा अभियानों, खोज एवं बचाव (एसएआर) मिशनों, मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभियानों तथा हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) एवं उससे आगे तक लंबे समय तक तैनाती के लिए भी पूर्णतः सक्षम है।

पूर्वी घाट की भव्य महेंद्रगिरि पर्वतमाला के नाम पर नामित यह युद्धपोत शक्ति, दृढ़ता और अटूट संकल्प का प्रतीक है। इस नाम को धारण करने वाला यह भारतीय नौसेना का पहला युद्धपोत है और भारतीय नौसेना की परिचालन उत्कृष्टता तथा राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाता है। यह मिशन-प्राइम्ड युद्धक मंच के रूप में बेड़े में शामिल होने के लिए पूर्णतः तैयार है।महेंद्रगिरि का शामिल होना भारतीय नौसेना की युद्धक क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा स्वदेशी युद्धपोत निर्माण में भारत के अग्रणी राष्ट्र के रूप में उभरने को रेखांकित करेगा। हिंद महासागर क्षेत्र में प्राथमिक सुरक्षा भागीदार (Preferred Security Partner) तथा सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रमुख सहयोगी के रूप में भारत की भूमिका को और सशक्त बनाते हुए महेंद्रगिरि राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा के लिए पूर्ण समर्पण, पेशेवर दक्षता और दृढ़ संकल्प के साथ सदैव तत्पर रहेगी।अपने आदर्श वाक्य ‘शक्तिशाली – भव्य – अनुपम’ (Mighty–Majestic–Matchless) से प्रेरित महेंद्रगिरि राष्ट्रसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने और भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ने के लिए तैयार है।