हिंद महासागर क्षेत्र एवं उसके परे सहयोगी समुद्री सुरक्षा तथा क्षमता निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करने वाली ऐतिहासिक घटना में भारतीय नौसेना ने संयुक्त समुद्री बलों (सीएमएफ) के अंतर्गत प्रमुख बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण टास्क फोर्स संयुक्त टास्क फोर्स (सीटीएफ) 154 का कमांड संभाल लिया।कमांड परिवर्तन समारोह 11 फरवरी 2026 को बहरीन के मनामा में सीएमएफ मुख्यालय में हुआ जिसकी अध्यक्षता वाइस एडमिरल कर्ट ए रेनशॉ, सीएमएफ / यूएस नेवसेंट / यूएस फिफ्थ फ्लीट कमांडर ने की। भारतीय नौसेना के उप-नौसेना स्टाफ प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती तथा अन्य सदस्य राष्ट्रों के वरिष्ठ सैन्य नेता उपस्थित थे। भारतीय नौसेना के कमोडोर मिलिंद एम मोकाशी, शौर्य चक्र ने इतालवी नौसेना के पूर्व कमांडर से सीटीएफ 154 कमांडर के रूप में कमांड ग्रहण किया।
सीटीएफ 154 सीएमएफ के सदस्य राष्ट्रों के प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण के लिए विशेष रूप से कार्यरत है। यह सीएमएफ के 47 राष्ट्रों में भारत की व्यावसायिक विशेषज्ञता, परिचालन अनुभव तथा प्राथमिक सुरक्षा साझेदार की भूमिका पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। मई 2023 में स्थापित सीटीएफ 154 मध्य पूर्व एवं व्यापक क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों से समुद्री सुरक्षा सशक्त बनाता है। प्रशिक्षण पाँच मुख्य आधारों पर केंद्रित है: समुद्री डोमेन जागरूकता (एमडीए), समुद्र का कानून, समुद्री अवरोधन अभियान, समुद्री बचाव एवं सहायता तथा नेतृत्व विकास। टास्क फोर्स नियमित समुद्री सुरक्षा सुदृढ़ीकरण प्रशिक्षण (एमएसईटी) आयोजन, कम्पास रोज़ तथा उत्तरी/दक्षिणी तत्परता जैसे अभ्यास तथा आउटरीच से साझेदार राष्ट्रों की अवैध तस्करी, समुद्री डकैती तथा अनियमित प्रवासन जैसी सामान्य चुनौतियों के विरुद्ध क्षमता बढ़ाता है। सीटीएफ 154 सीएमएफ की अन्य टास्क फोर्सों सीटीएफ 150 (समुद्री सुरक्षा), सीटीएफ 151 (समुद्री डकैती रोधी), सीटीएफ 152 (अरबियन गल्फ में समुद्री सुरक्षा) तथा सीटीएफ 153 (लाल सागर में समुद्री सुरक्षा) के साथ कार्य करता है। भारतीय नौसेना उच्च प्रभाव वाले प्रशिक्षण पहलों से उत्पादक कार्यकाल की आशा करती है तथा शांति, समृद्धि एवं सुरक्षा के लिए वैश्विक समुद्री साझेदारियों को मजबूत करेगी।