भारतीय नौसेना ने कच्चे तेल के टैंकर एम.टी. ओलंपिक लाइफ से बिना फटे मिसाइल वारहेड को निकालने से जुड़े एक जटिल अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। मार्शल द्वीप ध्वज वाले इस टैंकर में कोई भी भारतीय नागरिक सवार नहीं था। यह पोत यू.ए.ई. के फुजैराह से कोच्चि की ओर जा रहा था और 26 मई 2026 को ओमान के तट से दूर इसकी बाहरी संरचना (हुल) में विस्फोट होने की सूचना मिली थी। कोच्चि की ओर अपनी यात्रा जारी रखते हुए पोत ने बिना फटे विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की सूचना दी। सूचना संलयन केंद्र–हिंद महासागर क्षेत्र (आई.एफ.सी.-आई.ओ.आर.) के माध्यम से जानकारी प्राप्त होने पर भारतीय नौसेना ने समन्वित प्रतिक्रिया शुरू की। कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान ने विस्तृत मूल्यांकन के लिए विस्फोटक आयुध निपटान (ई.ओ.डी.) विशेषज्ञ दल तैनात किया। दल ने पुष्टि की कि एक प्रक्षेप्य पोत की बाहरी संरचना को भेदते हुए कई संरचनात्मक खंडों से होकर गुजरा और ईंधन टैंक के भीतर जाकर फंस गया था।
ईंधन भंडारण खंड के भीतर बिना फटे मिसाइल वारहेड की मौजूदगी से जुड़े जोखिमों को देखते हुए ई.ओ.डी. दल ने पोत, उसके चालक दल तथा आसपास की पोर्ट अवसंरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानीपूर्वक और चरणबद्ध कार्यप्रणाली अपनाई। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ई.ओ.डी. दल ने उन्नत नैदानिक विधियों का उपयोग कर विस्फोट तंत्र की पहचान की और उसे अलग किया। इसके पश्चात वारहेड तथा उससे संबंधित मलबे को सुरक्षित रूप से निकाला गया। बरामद आयुध को सुरक्षित भंडारण और विस्तृत जांच के लिए एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। लंबी अवधि तक संचालित इस उच्च जोखिम वाले अभियान की सावधानीपूर्वक योजना और सफल क्रियान्वयन जटिल समुद्री आपात परिस्थितियों से निपटने में भारतीय नौसेना की विस्फोटक आयुध निपटान क्षमता, तकनीकी विशेषज्ञता तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय को रेखांकित करता है। समुद्र में उत्पन्न आपात स्थिति पर भारतीय नौसेना की त्वरित प्रतिक्रिया, चालक दल की राष्ट्रीयता अथवा एम.टी. ओलंपिक लाइफ के स्वामित्व की परवाह किए बिना, वैश्विक समुद्री सुरक्षा के प्रति समर्पित एक जिम्मेदार समुद्री बल तथा क्षेत्र में एक विश्वसनीय और पसंदीदा सुरक्षा भागीदार के रूप में उसकी भूमिका की पुनर्पुष्टि करती है।