भारतीय नौसेना का अपतटीय गश्ती पोत भा.नौ.पो. सुनयना, जो आई.ओ.एस. सागर पहल के तहत तैनात है, 21 अप्रैल 2026 को इंडोनेशिया के जकार्ता में पहुंचा। हिंद महासागर क्षेत्र में इसकी परिचालन तैनाती के दौरान यह तीसरा पोर्ट कॉल है। 16 मैत्रीपूर्ण विदेशी देशों के बहुराष्ट्रीय चालक दल के साथ पोत ने आगमन से पहले संकरे मलक्का और सिंगापुर जलडमरूमध्य से पारगमन किया, जिससे उच्च स्तर की पारस्परिक संचालन क्षमता और नौवहन दक्षता का प्रदर्शन हुआ। आई.ओ.एस. सागर भारत की महासागर(म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन्स) परिकल्पना की व्यावहारिक अभिव्यक्ति है और यह “साझेदारी से नेतृत्व, एकता से शक्ति और शांति से प्रगति” की भावना को दर्शाता है। इस मिशन ने भारत में 16 से 29 मार्च 2026 तक अपना हार्बर फेज पूरा किया था और वर्तमान में समुद्री चरण (अप्रैल–मई 2026) में आगे बढ़ रहा है, जिसमें हिंद महासागर क्षेत्र के कई मैत्रीपूर्ण विदेशी देशों में पोर्ट कॉल शामिल हैं।
जकार्ता में पोर्ट कॉल के दौरान पोत इंडोनेशियाई नौसेना (टी.एन.आई. ए.एल.) के साथ पेशेवर, सामाजिक और खेल गतिविधियों में भाग लेगा। भा.नौ.पो. सुनयना के कमांडिंग ऑफिसर ने कोडाएरल III (नौसैनिक क्षेत्रीय कमान III) के वरिष्ठ नेतृत्व से भेंट की। नियोजित गतिविधियों में व्यावसायिक आदान-प्रदान, संयुक्त योग सत्र, खेल प्रतियोगिताएं, हितधारकों के लिए पोत भ्रमण और डेक स्वागत समारोह शामिल हैं। प्रस्थान के समय इंडोनेशियाई नौसेना के साथ एक पैसेज एक्सरसाइज (पी.ए.एस.एस.ई.एक्स.) निर्धारित है। यह पहल भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति और महासागर परिकल्पना को रेखांकित करती है तथा इस बात की पुनर्पुष्टि करती है कि “एक स्वतंत्र, खुला और समावेशी इंडो-पैसिफिक सभी देशों के हित में है।”