भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के पोत भा.नौ.पो. उदयगिरि, भा.नौ.पो. कवरत्ती एवं भा.नौ.पो. शक्ति, रियर एडमिरल आलोक आनंद, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट के नेतृत्व में, 29 जून 2026 को थाईलैंड के सत्ताहीप में अपना बंदरगाह प्रवास सफलतापूर्वक पूर्ण कर दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में अपनी आगामी परिचालन तैनाती के लिए प्रस्थान कर गए।
यह यात्रा दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ भारत की निरंतर समुद्री सहभागिता का हिस्सा थी तथा भारत और थाईलैंड के बीच दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायक रही। दोनों नौसेनाओं के वरिष्ठ नेतृत्व के बीच हुई बैठकों में द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को बढ़ावा देने, अंतर-संचालन क्षमता को सुदृढ़ करने तथा साझा समुद्री सुरक्षा हितों से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
यात्रा के दौरान पोतों ने रॉयल थाई नौसेना के साथ व्यावसायिक आदान-प्रदान, परिचालन संबंधी संवाद तथा खेलकूद गतिविधियों में भाग लिया। बंदरगाह प्रवास के दौरान भा.नौ.पो. उदयगिरि एवं भा.नौ.पो. कवरत्ती पर एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें थाईलैंड में भारत के राजदूत, रॉयल थाई नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, राजनयिक तथा भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
यह तैनाती महासागर (MAHASAGAR – क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) की भारत की परिकल्पना को आगे बढ़ाती है, जिसका उद्देश्य एक समेकित समुद्री समुदाय का निर्माण करना है। साथ ही, यह सामूहिक सुरक्षा, क्षेत्रीय साझेदारी, आपसी सौहार्द, पारस्परिक सहयोग तथा भारत और थाईलैंड के बीच द्विपक्षीय समुद्री संबंधों को सुदृढ़ करने के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करती है।