भारतीय नौसेना के पोत भा.नौ.पो. तरकश एवं भा.नौ.पो. इक्षक ने 29 जून 2026 को सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया में अपना बंदरगाह प्रवास सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस दौरान दोनों पोतों ने सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस एवं स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर विभिन्न व्यावसायिक, औपचारिक तथा सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों में भाग लिया। यात्रा के दौरान भा.नौ.पो. तरकश के मार्चिंग दल एवं नौसैनिक बैंड ने 28 जून 2026 को आयोजित राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लिया, जिसमें भारत के माननीय प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। यह सहभागिता भारत और सेशेल्स के बीच घनिष्ठ एवं दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी को प्रदर्शित करती है।
यात्रा के दौरान भा.नौ.पो. इक्षक पर 300 से अधिक आगंतुकों का स्वागत किया गया, जिन्हें पोत की जलसर्वेक्षण क्षमताओं तथा हिंद महासागर क्षेत्र में जलसर्वेक्षण सहयोग के क्षेत्र में भारतीय नौसेना के योगदान से परिचित कराया गया।सामुदायिक संपर्क गतिविधियों के अंतर्गत भा.नौ.पो. इक्षक के दल ने सेशेल्स स्थित भारत के उच्चायोग के समन्वय से इंग्लिश रिवर होम में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया तथा वहाँ के निवासियों को प्राथमिक उपचार किट एवं आवश्यक सामग्री वितरित की। यह पहल स्थानीय समुदायों के कल्याण के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करती है।
भा.नौ.पो. तरकश एवं भा.नौ.पो. इक्षक की यह यात्रा भारत सरकार की महासागर (MAHASAGAR – क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) की परिकल्पना के अनुरूप हिंद महासागर क्षेत्र के मित्र देशों के साथ समुद्री सहयोग को और सुदृढ़ करने के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करती है। यह तैनाती अंतर-संचालन क्षमता, क्षमता निर्माण तथा समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत और सेशेल्स के बीच दीर्घकालिक मित्रता एवं रक्षा साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भारतीय नौसेना के निरंतर प्रयासों को भी रेखांकित करती है।