Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण दस्ता सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पहुंचा

 भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण दस्ता सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पहुंचा
INS SANDHAYAK IN CHANGI NAVAL BASE, SINGAPORE
INS SANDHAYAK IN CHANGI NAVAL BASE, SINGAPORE
Launch Of Yard 3034 (Ajay), Last Ship Of Asw Swc (Grse) Project
 भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण दस्ता सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पहुंचा
INS SANDHAYAK IN CHANGI NAVAL BASE, SINGAPORE
INS SANDHAYAK IN CHANGI NAVAL BASE, SINGAPORE
Launch Of Yard 3034 (Ajay), Last Ship Of Asw Swc (Grse) Project

यह यात्रा आसियान–भारत समुद्री सहयोग और आई.ओ.एन.एस. (IONS) में भारत के वर्तमान नेतृत्व के अनुरूप है।

भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण दस्ता (1टी.एस.), जिसमें भा.नौ.पो. तीर, भा.नौ.पो. शार्दूल, भा.नौ.पो. सुजाता और भारतीय तटरक्षक पोत सारथी शामिल हैं, 15 जनवरी 2026 को सिंगापुर के चांगी नौसैनिक अड्डे पहुंचा। यह दस्ता दक्षिण-पूर्व हिंद महासागर क्षेत्र (आई.ओ.आर.) में प्रशिक्षण तैनाती पर है। यह तैनाती इस मायने में और भी महत्वपूर्ण है कि वर्ष 2026 को ‘दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) – भारत समुद्री सहयोग वर्ष 2026’ के रूप में मनाया जा रहा है।यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना और सिंगापुर गणराज्य नौसेना (आर.एस.एन.) के कार्मिक समुद्री क्षमता निर्माण और सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से कई बंदरगाही गतिविधियों और पेशेवर संवादों में भाग लेंगे। इसके साथ ही दोनों नौसेनाओं के प्रशिक्षुओं के बीच संरचित प्रशिक्षण आदान-प्रदान, संयुक्त योग सत्र और खेल मुकाबलों का भी आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत भारतीय नौसैनिक बैंड सिंगापुर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर प्रस्तुति देगा। इसी दौरान विद्यालयों के छात्रों के लिए नौसेना पोतों के भ्रमण की व्यवस्था भी की जाएगी।

आगमन पर सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने 1टी.एस. के प्रशिक्षुओं से संवाद किया। वरिष्ठ अधिकारी 1टी.एस. और कमांडिंग अधिकारियों ने समुद्री प्रशिक्षण और सिद्धांत कमान (एम.टी.डी.सी.) के कमांडर से मुलाकात की। सूचना संलयन केंद्र के अंतरराष्ट्रीय संपर्क अधिकारियों की टीम ने भी अपने पेशेवर अनुभव साझा किए। यात्रा के दूसरे दिन सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम और सिंगापुर गणराज्य नौसेना के साथ संवाद आयोजित किए गए। इस दौरान सूचना संलयन केंद्र और आर.एस.एन. संग्रहालय का दौरा, मैत्रीपूर्ण खेल मुकाबले और श्री नारायण वृद्धाश्रम तथा नर्सिंग होम में सेवा गतिविधियाँ प्रमुख आकर्षण रहीं। यह यात्रा दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ भारत की एक्ट ईस्ट नीति को आगे बढ़ाते हुए दृढ़ समुद्री साझेदारी और सतत संवाद को सुदृढ़ करती है। यह दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सुरक्षा सहयोग को भी और मजबूत बनाती है, जिससे भारतीय महासागर नौसैनिक संगोष्ठी (आई.ओ.एन.एस.) में भारत के नेतृत्व और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन होता है। साथ ही यह महा-सागर (Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) की भावना के अनुरूप समुद्री सहयोग को और गहराई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।