भारतीय नौसेना का पाल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी 26 जून 2026 को अपनी ऐतिहासिक अंतर-महासागरीय 'लोकायन 26' अभियान के अंतर्गत अमेरिका के मैरीलैंड राज्य स्थित बाल्टीमोर बंदरगाह पहुँचा। नॉरफ़ॉक से बाल्टीमोर तक की यात्रा के दौरान पोत ने ऐतिहासिक चेसापीक एवं डेलावेयर (C&D) नहर से होकर मध्य-अटलांटिक क्षेत्र के प्रमुख पुलों के नीचे से सफलतापूर्वक पारगमन किया।
बाल्टीमोर में भा.नौ.पो. सुदर्शिनी की यात्रा भारत की समृद्ध समुद्री विरासत तथा भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच मित्रता एवं सहयोग के स्थायी संबंधों को प्रदर्शित करती है। अपने प्रवास के दौरान पोत संयुक्त राज्य अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित सेल250 मैरीलैंड समारोह से पूर्व विभिन्न समुद्री सहभागिता एवं सामुदायिक संपर्क गतिविधियों में भाग लेगा।
बाल्टीमोर पहुँचने से पूर्व, भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने 19 से 23 जून 2026 तक नॉरफ़ॉक में आयोजित सेल250 वर्जीनिया समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर विश्व के विभिन्न देशों के पाल प्रशिक्षण पोतों के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पोत ने परेड ऑफ सेल तथा सिटी क्रू परेड में सहभागिता की।
कोच्चि से नॉरफ़ॉक तक पाँच महीनों में 13,000 से अधिक समुद्री मील की यात्रा पूरी करने वाला यह अंतर-महासागरीय अभियान भारत की समृद्ध समुद्री परंपराओं तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का सशक्त प्रतीक है, जो विश्वभर में मित्रता, सहयोग और पारस्परिक विश्वास को सुदृढ़ करने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।