श्रीलंका-भारत द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास एस.एल.आई.एन.ई.एक्स.-26 का 13वाँ संस्करण विशाखापत्तनम में 17 से 21 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभ्यास की शुरुआत हार्बर चरण से हुई, जिसके बाद समुद्री चरण होगा।
भारतीय नौसेना की ओर से स्वदेशी पनडुब्बी रोधी युद्धक कार्वेट भा.नौ.पो. कवरत्ती और फ्लीट टैंकर भा.नौ.पो. ज्योति भाग लेंगे, जबकि एस.एल.एन.एस. सिंदुराला श्रीलंका नौसेना का प्रतिनिधित्व कर रहा है।
2005 में परिकल्पित एस.एल.आई.एन.ई.एक्स. दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग, अंतर-संचालनीयता और आपसी समझ को बढ़ावा देने के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में विकसित हुआ है। पूर्वी नौसेना कमान के तत्वावधान में आयोजित हार्बर चरण की शुरुआत भा.नौ.पो. कवरत्ती पर एस.एल.एन.एस. सिंदुराला के आगंतुक चालक दल के लिए उद्घाटन एवं स्वागत समारोह के साथ हुई। इस चरण में व्यावसायिक संवाद, क्रॉस-डेक भ्रमण, सर्वोत्तम पद्धतियों को साझा करना, योग, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल हैं। आगामी समुद्री चरण समुद्र में समन्वित गतिविधियों के माध्यम से परिचालन तालमेल और अंतर-संचालनीयता बढ़ाने पर केंद्रित होगा।
भारत के महासागर दृष्टिकोण के अनुरूप, एस.एल.आई.एन.ई.एक्स.-26 सुरक्षित, स्थिर और समावेशी समुद्री वातावरण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है और भारत तथा श्रीलंका के बीच स्थायी समुद्री साझेदारी को और मजबूत करता है।