भारतीय नौसेना पोत त्रिशूल भारतीय नौसेना और फ्रांसीसी नौसेना के बीच होने वाले वार्षिक द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘वरुण’ के 24वें संस्करण में भाग लेने के लिए 22 सितंबर 2026 को टूलॉन, फ्रांस पहुंचा। पोत को फ्रांसीसी नौसेना की ओर से औपचारिक वाटर कैनन सलामी के साथ हार्दिक स्वागत प्राप्त हुआ। हार्बर चरण में दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री संबंधों और पेशेवर जुड़ाव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पेशेवर, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल थीं। भा.नौ.पो. त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने परिचालन के लिए उप कमांडर-इन-चीफ (सी.ई.सी.एम.ई.डी.) रियर एडमिरल मकारा उक से भेंट की और फ्रांसीसी नौसेना के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ बातचीत की। कमांडिंग ऑफिसर, अधिकारियों और चालक दल ने विश्व युद्धों के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 205 भारतीय सैनिकों की स्मृति में मार्सिले के माज़ार्ग युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। पेशेवर गतिविधियों में क्रॉस-डेक दौरे और परिचालन अनुभवों का आदान-प्रदान शामिल था, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच अंतरसंचालनीयता बढ़ी।
भा.नौ.पो. त्रिशूल ने पोत पर एक सांस्कृतिक संवाद की भी मेजबानी की, जिसमें टूलॉन के उप महापौर वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) लॉरेंट इस्नार्ड, फ्रांसीसी नौसेना के अधिकारियों और नागरिक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। एक मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच ने दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच सौहार्द को और बढ़ाया। पोत के चालक दल ने फ्रांसीसी नौसेना के पोतों चार्ल्स डी गॉल, फोर्बिन और ला फायेट का भी दौरा किया और विमानवाहक पोत संचालन, विमानन सुविधाओं तथा पोत पर अपनाई जाने वाली कार्यप्रणालियों की जानकारी प्राप्त की।समुद्री चरण के दौरान, भा.नौ.पो. त्रिशूल ने फ्रांसीसी नौसेना की इकाइयों के साथ अभ्यास किया, जिनमें एफ.डी.ए. फोर्बिन, एफ.एल.एफ. ला फायेट और एस.एन.ए. सुफ्रेन के साथ-साथ एन.एच.90 हेलीकॉप्टर और अटलांटिक 2 समुद्री गश्ती विमान शामिल थे। पनडुब्बी-रोधी, सतह-रोधी और लाइव-फायरिंग अभ्यासों के साथ-साथ क्रॉस-डेक हेलीकॉप्टर लैंडिंग सीरियल्स ने दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय, अंतरसंचालनीयता और तालमेल को बढ़ाया। भा.नौ.पो. त्रिशूल की टूलॉन यात्रा भारत और फ्रांस के बीच मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी तथा समुद्री जुड़ाव, अंतरसंचालनीयता और पेशेवर आदान-प्रदान को सुदृढ़ करने के प्रति दोनों नौसेनाओं की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करती है।