Skip to main content

Home Quick Menu

भा.नौ.पो. सुधर्शिनी ट्रांसओशैनिक सेल अभियान ‘लोकायन 26’ पर रवाना होगी

 भा.नौ.पो. सुधर्शिनी ट्रांसओशैनिक सेल अभियान ‘लोकायन 26’ पर रवाना होगी
 भा.नौ.पो. सुधर्शिनी ट्रांसओशैनिक सेल अभियान ‘लोकायन 26’ पर रवाना होगी
 भा.नौ.पो. सुधर्शिनी ट्रांसओशैनिक सेल अभियान ‘लोकायन 26’ पर रवाना होगी
 भा.नौ.पो. सुधर्शिनी ट्रांसओशैनिक सेल अभियान ‘लोकायन 26’ पर रवाना होगी

10 माह की यात्रा, 13 देशों के 18 पोर्टों तक फ्रांस के ‘एस्केल आ सेते’ और अमेरिका के ‘सेल 250’ समारोहों में भागीदारी भारतीय नौसेना का सेल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुधर्शिनी 20 जनवरी 2026 को 10 माह लंबे ट्रांसओशैनिक अभियान ‘लोकायन 26’ पर रवाना होगा। यह यात्रा भारत की समृद्ध समुद्री विरासत और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को साकार करती है। अभियान के दौरान यह पोत 22,000 से अधिक नौटिकल मील की दूरी तय करते हुए 13 देशों के 18 विदेशी पोर्टों का दौरा करेगा। इस तैनाती की मुख्य विशेषता फ्रांस में ‘एस्केल आ सेते’ और अमेरिका के न्यूयॉर्क में ‘सेल 250’ जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टॉल-शिप आयोजनों में भा.नौ.पो. सुधर्शिनी की भागीदारी होगी। इन दोनों आयोजनों में यह पोत भारत की गौरवशाली नौवहन विरासत और समुद्री परंपरा का प्रतिनिधित्व करेगा।

यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के 200 से अधिक प्रशिक्षु गहन सेल प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उन्हें महासागर में लंबी दूरी की नौवहन कला तथा पारंपरिक नौचालन के मूल्यवान व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होंगे। यह तैनाती प्रशिक्षुओं को टॉल शिप पर जीवन के सभी पहलुओं से परिचित कराएगी और अन्य नौसेनाओं के प्रशिक्षुओं के साथ संवाद का अवसर उपलब्ध कराएगी, जिससे व्यावसायिक आदान-प्रदान में वृद्धि होगी और स्थायी मित्रता संबंध स्थापित होंगे। इस अभियान के अंतर्गत भा.नौ.पो. सुधर्शिनी विभिन्न देशों की नौसेनाओं के साथ प्रशिक्षण सहभागिता और समुद्री साझेदारी कार्यक्रमों में भी भाग लेगी, जिससे समुद्री सहयोग को और मजबूती मिलेगी तथा ‘महासागर’ दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया जाएगा। यह यात्रा भारतीय नौसेना की सांस्कृतिक कूटनीति का सशक्त प्रतीक है, जो राष्ट्रों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास के सेतु निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करती है। भारतीय नौसेना का दूसरा सेल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुधर्शिनी अब तक 1,40,000 से अधिक नौटिकल मील की दूरी तय कर चुका है। ‘लोकायन 26’ के माध्यम से यह पोत वैश्विक स्तर पर भारत की समुद्री शक्ति, पेशेवर दक्षता और सद्भावना का प्रतीक बना रहेगा।