Skip to main content

Home Quick Menu

भा.नौ.पो. सुदर्शिनी कासाब्लांका, मोरक्को पहुँचा

 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी कासाब्लांका, मोरक्को पहुँचा
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी कासाब्लांका, मोरक्को पहुँचा
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी कासाब्लांका, मोरक्को पहुँचा
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी कासाब्लांका, मोरक्को पहुँचा
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी कासाब्लांका, मोरक्को पहुँचा
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी कासाब्लांका, मोरक्को पहुँचा

भारतीय नौसेना का पाल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी 15 अप्रैल 2026 को लोकेयान 26 के अंतर्गत अपनी चल रही अंतर-महासागरीय तैनाती के दौरान मोरक्को के कासाब्लांका में पोर्ट कॉल पर पहुंचा। इस प्रमुख पोर्ट पर पोत का आगमन अभियान का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह महासागर (क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) के दृष्टिकोण के अनुरूप समुद्री सहभागिता बढ़ाने के भारतीय नौसेना के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। यह यात्रा भारत और मोरक्को के बीच द्विपक्षीय संबंधों तथा नौसैनिक सहयोग के सुदृढ़ होते स्वरूप को भी रेखांकित करती है। आगमन पर भा.नौ.पो. सुदर्शिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने मोरक्को नौसेना के सेंट्रल मैरीटाइम सेक्टर के कमांडर कमोडोर हसन अकौली तथा मोरक्को के रॉयल नेवल स्कूल के निदेशक कमोडोर उमर नसरी से भेंट की। इस दौरान दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग और प्रशिक्षण आदान-प्रदान को बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

तीन दिवसीय यात्रा के दौरान भा.नौ.पो. सुदर्शिनी का दल रॉयल मोरक्कन नौसेना के कर्मियों के साथ सहभागिता करेगा, पोत पर वरिष्ठ अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों की मेजबानी करेगा तथा नौसैनिक सहयोग, कूटनीतिक संबंधों और सद्भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से पेशेवर और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेगा। यह यात्रा दल और प्रशिक्षुओं को मूल्यवान अनुभव भी प्रदान करेगी और महासागर नौकायन में भारत की दक्षता, अंतरराष्ट्रीय संपर्क तथा बढ़ती समुद्री सहभागिता को भी प्रदर्शित करेगी। पिछले वर्ष के दौरान भारतीय नौसेना के चार पोत भा.नौ.पो. तबर, भा.नौ.पो. तरकश, भा.नौ.पो. सुमेधा और भा.नौ.पो. तुशील कासाब्लांका का दौरा कर चुके हैं जिससे आपसी विश्वास और अंतर-संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त रॉयल मोरक्कन नौसेना के निरीक्षक रियर एडमिरल मोहम्मद ताहिन ने नवंबर 2025 में भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना की दक्षिणी नौसेना कमान का दौरा किया था। ऐतिहासिक समुद्री मार्गों और अंतरराष्ट्रीय समुद्री गलियारों से गुजरते हुए भा.नौ.पो. सुदर्शिनी की यह अभियान वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को प्रोत्साहित करता है और वैश्विक समुद्री सहयोग तथा सद्भावना के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।