Skip to main content

Home Quick Menu

भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ऐतिहासिक ट्रांस-अटलांटिक यात्रा पूरी कर एंटीगुआ पहुंची

 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ऐतिहासिक ट्रांस-अटलांटिक यात्रा पूरी कर एंटीगुआ पहुंची
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ऐतिहासिक ट्रांस-अटलांटिक यात्रा पूरी कर एंटीगुआ पहुंची
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ऐतिहासिक ट्रांस-अटलांटिक यात्रा पूरी कर एंटीगुआ पहुंची
 भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ऐतिहासिक ट्रांस-अटलांटिक यात्रा पूरी कर एंटीगुआ पहुंची

भारतीय नौसेना का सेल प्रशिक्षण पोत (एस.टी.एस.) भा.नौ.पो. सुदर्शिनी चल रहे लोकायन 26 अभियान के अंतर्गत ऐतिहासिक ट्रांस-अटलांटिक समुद्री यात्रा सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद 27 मई 2026 को एंटीगुआ पहुंचा। पोत का हार्दिक स्वागत एंटीगुआ और बारबुडा में भारत के मानद महावाणिज्यदूत श्री विजय तेवानी तथा एंटीगुआ और बारबुडा रक्षा बल (ए.बी.डी.एफ.) के प्रमुख रक्षा स्टाफ ब्रिगेडियर टेलबर्ट बेंजामिन ने किया। यह यात्रा भा.नौ.पो. सुदर्शिनी द्वारा अटलांटिक महासागर को पार करने का पहला अवसर है, जबकि इससे पहले ऐसी यात्रा भा.नौ.पो. तरंगिणी ने वर्ष 2007 में की थी। केप वर्डे के मिंडेलो से एंटीगुआ तक का सफर अभियान का सबसे लंबा चरण रहा, जो 19 दिनों तक चला। इस दौरान पोत ने लगातार पालों के सहारे यात्रा करते हुए पारंपरिक नौचालन कौशल और समुद्र में धैर्य का परिचय दिया। यात्रा के दौरान ऊंची समुद्री लहरों और तेज हवाओं जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। चालक दल ने सतत निगरानी, समन्वित पाल संचालन तथा पारंपरिक नौवहन पद्धतियों के माध्यम से इन परिस्थितियों का सफलतापूर्वक सामना किया।

इस चरण के दौरान भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने 20 जनवरी 2026 को कोच्चि से प्रस्थान करने के बाद 10,000 समुद्री मील की दूरी पूरी करने का महत्वपूर्ण पड़ाव भी पार किया। लोकायन 26 का उद्देश्य समुद्री संपर्क को बढ़ावा देना, अंतरराष्ट्रीय सद्भाव को सुदृढ़ करना तथा भारत की समृद्ध समुद्री परंपराओं को प्रदर्शित करना है। यह यात्रा समुद्री सहयोग के प्रति भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ अर्थात ‘संपूर्ण विश्व एक परिवार है’ की भावना को प्रतिबिंबित करती है। पश्चिम एशिया, भूमध्यसागर, यूरोप और अफ्रीका में सफल पोर्ट कॉल्स के बाद पोत ने अब अभियान के कैरेबियाई और अमेरिकी चरण में प्रवेश कर लिया है। इस चरण में संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित होने वाले आगामी सेल 250 समारोहों में भागीदारी भी शामिल है। एंटीगुआ प्रवास के दौरान पोत का चालक दल पेशेवर संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक संपर्क गतिविधियों में भाग लेगा। इसके बाद पोत अमेरिका के नॉरफॉक के लिए प्रस्थान करेगा।