भारतीय नौसेना का डाइविंग सहायता एवं पनडुब्बी बचाव पोत भा.नौ.पो. निरीक्षक 21 अप्रैल 2026 को श्रीलंका के कोलंबो पोर्ट पर पहुंचा। यह पोत 21 से 27 अप्रैल 2026 तक निर्धारित द्विपक्षीय डाइविंग अभ्यास आई.एन.-एस.एल.एन. डाइवेक्स 2026 के चौथे संस्करण में भाग लेगा। इस संयुक्त अभ्यास में दोनों नौसेनाओं की डाइविंग टीमें विशेष डाइविंग अभियानों और प्रशिक्षण की श्रृंखला संचालित करेंगी। इसका उद्देश्य पारस्परिक संचालन क्षमता, तालमेल और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को बढ़ाना है। सप्ताहभर चलने वाला यह आयोजन भारत-श्रीलंका समुद्री संबंधों और साझा समुद्री हितों को मजबूत करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आगमन पर पोत का श्रीलंका नौसेना ने नौसेना बैंड की उपस्थिति में औपचारिक स्वागत किया। भा.नौ.पो. निरीक्षक के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर शैलेश त्यागी ने पश्चिमी नौसेना क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल एस. जे. कुमारा से भेंट की और पारस्परिक हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। व्यावसायिक कार्यक्रमों के अलावा इस यात्रा के दौरान सामाजिक मेलजोल, खेल प्रतियोगिताएं और संयुक्त योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच मित्रता, सद्भावना और सौहार्द के संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
भारत की मानवीय सहायता पहल के तहत यह पोत भारत सरकार की ‘आरोग्य मैत्री’ पहल के अंतर्गत श्रीलंकाई अधिकारियों को दो बी.एच.आई.एस.एम. (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित एंड मैत्री) क्यूब प्रदान करेगा। अत्याधुनिक पोर्टेबल चिकित्सा इकाइयों के रूप में विकसित ये क्यूब 200 तक आपातकालीन मामलों को संभालने में सक्षम हैं। त्वरित प्रतिक्रिया के लिए इनमें आवश्यक दवाइयां और बुनियादी शल्य प्रक्रियाओं हेतु जरूरी शल्य उपकरण उपलब्ध हैं। समुद्री सुरक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करते हुए भारतीय नौसेना श्रीलंका नौसेना को 9 मि.मी. गोला-बारूद के 50,000 राउंड भी सौंपेगी। आई.एन.-एस.एल.एन. डाइविंग अभ्यास (डाइवेक्स) एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय सहभागिता है, जो भारत और श्रीलंका के बीच गहरे समुद्री साझेदारी संबंधों का प्रमाण है। साझेदार देशों के साथ निरंतर समुद्री सहयोग और सहभागिताएं आई.ओ.आर. में स्थिरता, सहयोग और सामूहिक विकास को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता को दोहराती हैं। यह महासागर (क्षेत्रों के पार सुरक्षा और विकास हेतु पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) की परिकल्पना के अनुरूप है।