भारतीय नौसेना के समुद्र विज्ञान अनुसंधान पोत भा.नौ.पो. एस.ए.जी.ए.आर.ध्वनि ने 04 से 08 मई 2026 तक वियतनाम के कैम रन्ह की सफल यात्रा पूरी की। इस यात्रा से भारत और वियतनाम के बीच समुद्री एवं वैज्ञानिक साझेदारी को और मजबूती मिली। यात्रा के दौरान भा.नौ.पो. एस.ए.जी.ए.आर.ध्वनि के कमांडिंग ऑफिसर ने खान्ह होआ सैन्य कमान के उप प्रमुख सीनियर कर्नल ट्रान वान कुओंग तथा नौसैनिक क्षेत्र 4 के उप राजनीतिक आयुक्त सीनियर कैप्टन गुयेन हू मिन्ह से मुलाकात की। चर्चाओं में भारत-वियतनाम सामरिक साझेदारी के एक दशक के अवसर पर समुद्री सहयोग, पेशेवर आदान-प्रदान, प्रशिक्षण सहयोग और वैज्ञानिक प्रयासों को और गहरा करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। हाल ही में वियतनाम पीपुल्स नेवी के एक पोत ने फरवरी 2026 में विशाखापत्तनम में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 26 और मिलन 26 में भाग लिया था।
पेशेवर आदान-प्रदान के तहत कमांडिंग ऑफिसर ने वियतनाम नौसेना अकादमी के उप निदेशक सीनियर कैप्टन हो थान होआ के साथ संवाद किया। बातचीत नौसैनिक प्रशिक्षण और शिक्षा में सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित रही। अकादमी के अधिकारियों और कैडेटों ने भी पोत का दौरा किया तथा उसकी परिचालन भूमिका और पोत पर उपलब्ध क्षमताओं की जानकारी प्राप्त की। मित्रता और सौहार्द की भावना को दर्शाते हुए भारतीय नौसेना और वियतनाम पीपुल्स नेवी के कर्मियों ने पोर्ट प्रवास के दौरान मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैचों और संयुक्त योग सत्रों में भाग लिया। समुद्र विज्ञान अध्ययन में सहयोग को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एन.पी.ओ.एल. (नौसेना भौतिक एवं समुद्र विज्ञान प्रयोगशाला), डी.आर.डी.ओ. के वैज्ञानिकों ने न्हा ट्रांग स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ओशनोग्राफी के शोधकर्ताओं के साथ संवाद किया। चर्चा समुद्र विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान सहयोग, ज्ञान साझा करने और क्षमता निर्माण पर केंद्रित रही। नेशनल ओशनोग्राफिक इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने भी पोर्ट कॉल के दौरान पोत का दौरा किया। यह यात्रा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच बढ़ती द्विपक्षीय समुद्री साझेदारी और वैज्ञानिक सहयोग का प्रमाण है।