आसियान-भारत समुद्री अभ्यास (ए.आई.एम.ई.-2026) का दूसरा संस्करण 28 सितंबर 2026 को सुबिक बे, फिलीपींस में शुरू हुआ, जिसमें भारतीय नौसेना पोत सह्याद्रि और कुलिश के साथ आसियान सदस्य देशों की समुद्री सेनाओं ने भाग लिया। “विश्वास पर आधारित, समुद्र में एकजुट” विषय के तहत आयोजित यह अभ्यास पारस्परिक समझ, सहयोग और अंतर-संचालनीयता बढ़ाने के उद्देश्य से पेशेवर, परिचालन और सामाजिक गतिविधियों के लिए भारत और आसियान देशों की समुद्री सेनाओं को एक साथ लाता है।
अभ्यास की शुरुआत उद्घाटन समारोह के साथ हुई, जिसमें महामहिम फिलीपींस में भारत के राजदूत श्री हर्ष कुमार जैन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में इस अवसर की शोभा बढ़ाई और भाग लेने वाली समुद्री सेनाओं को संबोधित किया।हार्बर चरण में पेशेवर, परिचालन और सामाजिक गतिविधियों की एक श्रृंखला शामिल होगी जिसमें विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ, सामुदायिक सहभागिता और परिचालन तालमेल शामिल हैं। इसके बाद समुद्री चरण की शुरुआत से पहले प्री-सेल ब्रीफ होगा।
इसके बाद अभ्यास समुद्री चरण में प्रवेश करेगा, जिसमें भाग लेने वाली समुद्री सेनाएँ समन्वित समुद्री अभ्यास और परिचालन सीरियल संचालित करेंगी। समुद्री चरण का उद्देश्य समुद्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण और समन्वित गतिविधियों के माध्यम से पेशेवर समझ, परिचालन समन्वय और अंतर-संचालनीयता को बढ़ाना है।ए.आई.एम.ई.-2026 में भा.नौ.पो. सह्याद्रि और भा.नौ.पो. कुलिश की भागीदारी समुद्री साझेदारी को मजबूत करने और आसियान समुद्री सेनाओं के साथ व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति भारतीय नौसेना की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। यह अभ्यास भारत की एक्ट ईस्ट नीति और महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया जा रहा है।