कैनरी द्वीपसमूह में भारतीय नौसेना के पोत का पहला आगमन
भारतीय नौसेना का सेल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी लोकायन 26 के अंतर्गत अपनी जारी अंतरमहासागरीय तैनाती के तहत 23 अप्रैल 2026 को लास पालमास पहुंचा। कैनरी द्वीपसमूह का यह पोर्ट कॉल महत्वपूर्ण है क्योंकि यह इस द्वीपसमूह में किसी भारतीय नौसेना पोत की पहली यात्रा है। यह ठहराव पोत के अपने महत्वाकांक्षी ट्रांस-अटलांटिक अभियान पर रवाना होने से पहले एक रणनीतिक विराम का कार्य करेगा। यात्रा के दौरान भा.नौ.पो. सुदर्शिनी के कमांडिंग ऑफिसर स्पेनिश नौसेना अधिकारियों के साथ व्यावसायिक संवाद करेंगे। जन-से-जन संबंधों को और प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से यह पोत स्थानीय स्पेनिश समुदाय और भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए भी भ्रमण हेतु खुला रहेगा।
यह यात्रा भारतीय नौसेना और स्पेनिश नौसेना के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग और सहभागिता को रेखांकित करती है। जनवरी 2026 में कोच्चि से प्रस्थान करने के बाद भा.नौ.पो. सुदर्शिनी ने ओमान, मिस्र, माल्टा, फ्रांस और मोरक्को में पोर्ट कॉल किए हैं तथा वसुधैव कुटुंबकम का संदेश प्रसारित किया है। आगे यह पोत संयुक्त राज्य अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोहों के अंतर्गत अमेरिका के विभिन्न पोर्ट्स पर आयोजित होने वाले सेल 250 स्मारक समारोहों में नियोजित भागीदारी के साथ लंबी ट्रांस-अटलांटिक यात्रा करेगा।