आईएनएस सुदर्शिनी ने 31 मई 2026 को एंटीगा से प्रस्थान किया, जिससे उसकी चार दिवसीय बंदरगाह यात्रा का सफल समापन हुआ। यह यात्रा लोकायन-26 अभियान के अंतर्गत कैरेबियाई देशों के साथ भारत की समुद्री पहुँच और सहभागिता का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रही। इस यात्रा ने भारत और एंटीगा के बीच समुद्री सहयोग को और सुदृढ़ किया। यात्रा के दौरान पोत पर कई विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया, जिनमें एंटीगा और बारबुडा के माननीय प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन भी शामिल थे। पोत के कमांडिंग ऑफिसर ने एंटीगा एवं बारबुडा रक्षा बल (ए.बी.डी.एफ.) के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ब्रिगेडियर टेलबर्ट बेंजामिन से भी शिष्टाचार भेंट की।
व्यावसायिक आदान-प्रदान के माध्यम से दोनों समुद्री बलों के बीच सहयोगात्मक संबंधों को और मजबूती मिली। इस दौरान पोत को आमंत्रित आगंतुकों के लिए खोला गया, जिससे उन्हें भारतीय नौसेना की विशिष्ट विरासत तथा नौकायन-प्रशिक्षण परंपराओं को निकट से जानने का अवसर प्राप्त हुआ।यह यात्रा ‘महासागर’ (MAHASAGAR) तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम् – विश्व एक परिवार है’ की भावना के अनुरूप स्थायी समुद्री साझेदारियों को बढ़ावा देने और सद्भावना स्थापित करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अब आईएनएस सुदर्शिनी संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर प्रस्थान कर चुका है, जहाँ वह अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक समीक्षा (International Naval Review) तथा SAIL 250 समारोहों में भाग लेगा। ये आयोजन अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं।