भारत और श्रीलंका ने 21–28 अप्रैल 2026 के दौरान कोलंबो में आयोजित द्विपक्षीय गोताखोरी अभ्यास आईएन–एसएलएन डाइवेक्स 2026 के चौथे संस्करण के माध्यम से अपनी बढ़ती समुद्री साझेदारी की पुनः पुष्टि की। इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के डाइविंग सपोर्ट और पनडुब्बी बचाव पोत भा.नौ.पो. निरीक्षक के साथ दोनों नौसेनाओं की गोताखोर टीमें शामिल हुईं और इससे परिचालन समन्वय तथा पेशेवर तालमेल और बेहतर हुआ। जटिल जलमग्न अभियानों पर केंद्रित इस विशेष अभ्यास का उद्देश्य भारतीय नौसेना और श्रीलंकाई नौसेना के बीच पारस्परिक संचालन क्षमता को और मजबूत करना है। इसमें गहरे समुद्र में उन्नत गोताखोरी गतिविधियाँ कराई गईं जिनमें मिश्रित गैस गोताखोरी ड्रिल भी शामिल रहीं। दोनों नौसेनाओं के गोताखोरों ने बंदरगाह और खुले समुद्र में व्यापक गोताखोरी करते हुए उच्च स्तर की तकनीकी दक्षता और परिचालन विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया। अभ्यास का एक प्रमुख आकर्षण कोलंबो के निकट द्वितीय विश्व युद्ध कालीन मलबों एस.एस. वूस्टर और एस.एस. पर्सियस पर मिश्रित गैस गोताखोरी रहा।
एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दोनों नौसेनाओं के गोताखोरों ने 55 मीटर से अधिक गहराई तक सफलतापूर्वक गोताखोरी की, जिससे जलमग्न खोज, बचाव और सल्वेज अभियानों में संयुक्त क्षमताएँ और मजबूत हुईं तथा हिंद महासागर क्षेत्र में समन्वय भी बेहतर हुआ। अभ्यास के दौरान रियर एडमिरल एस.जे. कुमारा, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग पश्चिमी नौसेना क्षेत्र ने भा.नौ.पो. निरीक्षक का दौरा किया और श्रीलंकाई गोताखोरों के प्रशिक्षण में भारतीय नौसेना के निरंतर सहयोग की सराहना की। उन्होंने सर्वोत्तम प्रक्रियाओं और पेशेवर विशेषज्ञता के निरंतर आदान-प्रदान के महत्व पर भी जोर दिया। परिचालन गतिविधियों के अलावा इस अभ्यास के दौरान गॉल फेस में समुद्र तट स्वच्छता अभियान, मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताएँ और योग सत्र जैसे संयुक्त कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिससे आपसी सौहार्द, मित्रता और विश्वास और मजबूत हुआ। भा.नौ.पो. निरीक्षक के कमांडिंग ऑफिसर ने आई.पी.के.एफ. स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और श्रीलंका में भारतीय शांति सेना अभियानों के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों के सम्मान में पुष्पांजलि अर्पित की। मानवीय सहयोग को आगे बढ़ाते हुए भारत की आरोग्य मैत्री पहल के अंतर्गत दो बी.एच.आई.एस.एम. क्यूब्स सौंपे गए, जिससे आपदा प्रतिक्रिया और चिकित्सा तैयारी को बेहतर किया गया। अभ्यास के समापन पर भा.नौ.पो. निरीक्षक को औपचारिक विदाई दी गई, जो दोनों नौसेनाओं के बीच मजबूत सौहार्द और दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी को दर्शाती है। आईएन–एसएलएन डाइवेक्स 2026 सतत द्विपक्षीय सहयोग का प्रमाण है, जो महासागर की परिकल्पना के अनुरूप है और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता तथा सुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।