भारतीय नौसेना 16 अक्टूबर 2026 को नौसेना बेस, कारवार में समर्थक को सेवा में शामिल करने के लिए तैयार है। भारत सरकार की मेक इन इंडिया पहल के तहत मेसर्स लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड द्वारा निर्मित समर्थक भारतीय नौसेना में शामिल किए जा रहे चार बहुउद्देशीय पोतों में से पहला है।
इसका सेवा में शामिल होना रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत के प्रयासों में एक और उल्लेखनीय मील का पत्थर साबित होगा और यह पोत नौसेना के भविष्य का एक महत्वपूर्ण अंग बनेगा तथा रणनीतिक रूप से अहम अभियानों के लिए एक आदर्श “यूटिलिटी” पोत होगा।
मुख्य रूप से समुद्री निगरानी और गश्त के लिए डिज़ाइन किया गया समर्थक निम्न तीव्रता वाले समुद्री अभियान (एल.आई.एम.ओ.), लक्ष्य तैनाती एवं परीक्षण प्लेटफॉर्म, मानवरहित/ स्वायत्त प्रणाली मदरशिप, मानवीय सहायता और आपदा राहत (एच.ए.डी.आर.), सीमित अस्पताल पोत में रूपांतरण और साल्वेज अभियानों के लिए अग्निशमन के कार्यों को अंजाम देने में भी सक्षम है।
इसके एकीकृत कॉम्बैट सूट में स्वदेशी सेंसर, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों का संयोजन है जिन्हें विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण समुद्री वातावरण में अभियानों के लिए अनुकूलित किया गया है।
समर्थक का क्रेस्ट लहरों से उभरते हुए दुर्जेय भारतीय हाथी को दर्शाता है, जो शक्ति, बुद्धिमत्ता और चपलता का प्रतीक है।
पोत का आदर्श वाक्य: “विजयार्थम् एकनिष्ठता” — विजय ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है।