भारतीय नौसेना के प्रमुख प्रारंभिक प्रशिक्षण प्रतिष्ठान आईएनएस चिल्का में 13 नवंबर 2026 को भारतीय नौसेना के अग्निवीरों तथा भारतीय तटरक्षक बल के नाविकों के नौवें बैच की पासिंग आउट परेड (POP) आयोजित की जाएगी। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन इस परेड के मुख्य अतिथि एवं रिव्यूइंग ऑफिसर होंगे।
इस परेड में 3,300 से अधिक प्रशिक्षु 16 सप्ताह का प्रारंभिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करेंगे। यह आईएनएस चिल्का से पास आउट होने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैच होगा। यह परेड एक गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन का प्रतीक होगी, जिसका उद्देश्य युवा रंगरूटों को अनुशासित, शारीरिक रूप से चुस्त, मानसिक रूप से दृढ़ और पेशेवर रूप से सक्षम समुद्री योद्धाओं के रूप में तैयार करना है।
प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शैक्षणिक अध्ययन, शारीरिक प्रशिक्षण, तैराकी, परेड प्रशिक्षण, बाहरी गतिविधियां एवं शिविर प्रशिक्षण को शामिल किया गया है, जो प्रशिक्षुओं की पेशेवर यात्रा के लिए एक समग्र आधार तैयार करता है। चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सौहार्द और टीम भावना पर समान रूप से बल दिया जाता है। इसके साथ ही उनमें नौसेना के मूलभूत मूल्यों कर्तव्य, सम्मान और साहस का भाव विकसित किया जाता है।
पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं के लिए गर्व और उपलब्धि का क्षण होगी, क्योंकि इस अवसर पर उनके परिवारजन उनके प्रशिक्षण की सफल समाप्ति और एक नए करियर की शुरुआत के साक्षी बनेंगे। इस अवसर पर नौसेना के पूर्व सैनिक तथा विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
समापन समारोह की अध्यक्षता वाइस एडमिरल समीर सक्सेना, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिणी नौसेना कमान करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रशिक्षण में योगदान के लिए मेधावी प्रशिक्षुओं, चैंपियन डिवीजन तथा सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का विमोचन भी किया जाएगा।
पासिंग आउट परेड का भारतीय नौसेना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे देशभर के नागरिक इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बन सकेंगे।