भारत और म्यांमार के रक्षा बलों के बीच 05 और 06 नवंबर 2026 को आयोजित प्रथम द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) अभ्यास ‘राहत मित्र’ का चेन्नई में समापन हुआ। दो दिवसीय इस अभ्यास में भारतीय नौसेना, भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना के कार्मिकों के साथ म्यांमार रक्षा बलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। अभ्यास का उद्देश्य परिचालन अंतर-संचालनीयता को बढ़ाना, समन्वय में सुधार करना तथा आपदा प्रतिक्रिया अभियानों में श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करना था।
अभ्यास का शुभारंभ संयुक्त योजना निर्माण और HADR क्षमताओं से परिचित कराने पर केंद्रित गतिविधियों के साथ हुआ। एक भीषण चक्रवात की काल्पनिक स्थिति पर आधारित टेबलटॉप अभ्यास (TTX) के माध्यम से समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र और संयुक्त आपदा प्रबंधन प्रक्रियाओं पर विचार-विमर्श किया गया। भाग लेने वाले दलों ने भारतीय थल सेना द्वारा बाधाओं को हटाने और पुल निर्माण की क्षमताओं का प्रदर्शन भी देखा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने भारतीय नौसेना की जहाज आधारित HADR क्षमताओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए भा. नौ. पो. सुकन्या का दौरा किया।
दूसरे दिन, भाग लेने वाले दलों ने भारतीय रक्षा बलों द्वारा बहुआयामी HADR क्षमताओं का प्रदर्शन देखा। इसमें समुद्री, थल और वायु क्षेत्रों में समन्वित प्रतिक्रिया तंत्र को प्रदर्शित किया गया। भा. नौ. पो. अड्यार और चेन्नई स्थित कम्युनिकेशन नेटवर्क सेंटर ने आपदा के दौरान कमान एवं नियंत्रण को समर्थन देने वाली तट आधारित आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्थाओं और संचार अवसंरचना का प्रदर्शन किया। मिलिट्री हॉस्पिटल, चेन्नई ने फील्ड मेडिकल ट्रायेज तथा आपदा राहत शिविरों के समन्वित प्रबंधन की प्रक्रिया प्रदर्शित की।
भारतीय नौसेना की बाढ़ राहत टीमों (FRT) ने बाढ़ राहत अभियानों के लिए विशेष उपकरणों और क्षमताओं का प्रदर्शन किया। समुद्री खोज एवं बचाव (SAR) क्षमताओं का भी चेतक हेलीकॉप्टर और भा. नौ. पो. बिटरा की समन्वित गतिविधियों के माध्यम से प्रदर्शन किया गया। भारतीय वायु सेना ने घायलों को सुरक्षित निकालने की क्षमता का प्रदर्शन किया। हवाई अभियानों के दौरान कमोडोर आंग निआंग विन तथा म्यांमार प्रतिनिधिमंडल के दो अधिकारियों ने भारतीय वायु सेना के ALH हेलीकॉप्टर में सवार होकर इस गतिविधि में भाग लिया।
अभ्यास ‘राहत मित्र’ ने दोनों देशों के रक्षा बलों को परिचालन अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने तथा HADR अभियानों की योजना बनाने और उन्हें संचालित करने में आपसी समझ बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। इस अभ्यास के माध्यम से दोनों देशों को एक-दूसरे की क्षमताओं और प्रक्रियाओं से परिचित होने का अवसर भी मिला, जिससे आपदा प्रतिक्रिया अभियानों के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
इस प्रथम अभ्यास का सफल समापन भारत और म्यांमार के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने तथा आपदा प्रतिक्रिया के लिए सामूहिक तैयारी को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करता है। यह क्षेत्रीय स्थिरता, समुद्री सहयोग और प्रभावी मानवीय सहायता एवं आपदा राहत के प्रति दोनों देशों के साझा संकल्प को भी रेखांकित करता है।