Skip to main content

Home Quick Menu

आई.पी.आर.डी.-2026 का नई दिल्ली में आरंभ, वैज्ञानिक प्रगति का क्षेत्रीय सहयोग में रूपांतरण

आई.पी.आर.डी.-2026 का नई दिल्ली में आरंभ, वैज्ञानिक प्रगति का क्षेत्रीय सहयोग में रूपांतरण
आई.पी.आर.डी.-2026 का नई दिल्ली में आरंभ, वैज्ञानिक प्रगति का क्षेत्रीय सहयोग में रूपांतरण
आई.पी.आर.डी.-2026 का नई दिल्ली में आरंभ, वैज्ञानिक प्रगति का क्षेत्रीय सहयोग में रूपांतरण
आई.पी.आर.डी.-2026 का नई दिल्ली में आरंभ, वैज्ञानिक प्रगति का क्षेत्रीय सहयोग में रूपांतरण

हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद 2026 (आई.पी.आर.डी.-2026) 03 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आरंभ हुआ, जो भारतीय नौसेना का वार्षिक शीर्ष-स्तरीय अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक संवाद है। नौसेना के ज्ञान साझेदार राष्ट्रीय समुद्री प्रतिष्ठान (एन.एम.एफ.) के सहयोग से आयोजित यह तीन दिवसीय सम्मेलन ‘हिंद-प्रशांत में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शैक्षणिक सहयोग’ विषय की पड़ताल कर रहा है, जिसमें वैज्ञानिक प्रगति और संस्थागत साझेदारियों को व्यावहारिक क्षेत्रीय सहयोग में बदलने पर विशेष बल दिया गया है।

आई.पी.आर.डी.-2026 के उद्घाटन दिवस ने संवाद के केंद्रीय प्रश्न को स्थापित किया: ‘हिंद-प्रशांत क्षेत्र वैज्ञानिक ज्ञान और तकनीकी नवाचार को स्थायी संस्थागत सहयोग, मजबूत समुद्री क्षमताओं और साझा क्षेत्रीय लचीलेपन में किस प्रकार बदल सकता है।’

कार्यवाही की शुरुआत एन.एम.एफ. के अध्यक्ष और पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी (सेवानिवृत्त) के उद्घाटन संबोधन से हुई। इसके बाद भारत सरकार के राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समन्वयक वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता (सेवानिवृत्त) का विशेष संबोधन हुआ।

आई.पी.आर.डी.-2026 का पहला सत्र ‘शैक्षणिक नेटवर्क, अनुसंधान और मानव पूंजी विकास’ विषय पर केंद्रित था। इस सत्र का संचालन पूर्व उप नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल संजय महिंद्रू (सेवानिवृत्त) द्वारा किया गया और इसमें फ्रांस, इंडोनेशिया, जापान और मालदीव के दृष्टिकोण प्रस्तुत किए गए। इसने हिंद-प्रशांत के तटीय शहरों के विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग सहित एक व्यापक हिंद महासागर शैक्षणिक नेटवर्क की संभावनाओं की पड़ताल की और हिंद महासागर में सामाजिक विज्ञान अनुसंधान नेटवर्कों का अध्ययन किया। सत्र ने थिंक टैंकों, विश्वविद्यालयों और सरकारों के बीच घनिष्ठ संबंधों की संभावनाएँ भी तलाशीं। इस सत्र के समापन पर ‘भारत में समुद्री अंधता और समुद्री विरासत’ शीर्षक से एक मोनोग्राफ का विमोचन भी किया गया।

दिन के दूसरे पेशेवर सत्र ‘समुद्री स्थितिजन्य जागरूकता और महत्वपूर्ण समुद्री अवसंरचना का संरक्षण’ ने समुद्री मार्ग से होने वाले व्यापार और महत्वपूर्ण जलमग्न अवसंरचना के संरक्षण से जुड़ी समकालीन समुद्री जागरूकता चुनौतियों की व्यापकता को उजागर किया। पूर्व उप नौसेना प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती (सेवानिवृत्त) द्वारा संचालित इस सत्र ने समुद्री क्षेत्र जागरूकता के लिए हिंद-प्रशांत साझेदारी (आई.पी.एम.डी.ए.) से जुड़े अवसरों और चुनौतियों, विशेष रूप से सूचना-साझाकरण की व्यावहारिक आवश्यकताओं की पड़ताल की और जलमग्न क्षेत्र जागरूकता के लिए सहयोगात्मक हिंद-प्रशांत संरचना के विकास पर विचार किया। सत्र में महत्वपूर्ण समुद्री अवसंरचना के संरक्षण के सहयोगात्मक दृष्टिकोणों पर हिंद महासागर आयोग (आई.ओ.सी.) के विचार भी शामिल थे।

दोनों पेशेवर सत्रों ने मिलकर इस बात की पड़ताल की कि समुद्री सूचना-साझाकरण को मजबूत करके, महत्वपूर्ण अवसंरचना की सुरक्षा करके, समुद्र विज्ञान संबंधी ज्ञान तक पहुँच में सुधार करके और जलवायु संबंधी जोखिमों के प्रति अधिक समन्वित प्रतिक्रिया को सक्षम बनाकर तकनीकी प्रणालियों और वैज्ञानिक साझेदारियों को परिचालन की दृष्टि से उपयोगी कैसे बनाया जा सकता है।

दिन के कार्यक्रम में ‘सहयोग का संवाद’ भी शामिल था, जो श्रीलंका की उच्चायुक्त महामहिम सुश्री महिशिनी कोलोन्ने; फिलीपींस दूतावास के असाधारण एवं पूर्णाधिकारी राजदूत महामहिम श्री जोसेल एफ. इग्नासियो; और नॉर्वे साम्राज्य की राजदूत महामहिम श्रीमती मे-एलिन स्टेनर के साथ एक विशेष राजदूत-स्तरीय संवाद था। इस संवाद की मेजबानी और संचालन एन.एम.एफ. के महानिदेशक वाइस एडमिरल प्रदीप चौहान (सेवानिवृत्त) द्वारा किया गया।

आई.पी.आर.डी.-2026 का पहला दिन अत्यंत आशावादी स्वर में संपन्न हुआ, जिसमें श्रोताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने तथा शैक्षणिक सहयोग के माध्यम से ज्ञान साझा करने पर कई कार्यान्वयन योग्य नीतिगत सिफारिशें प्रस्तुत कीं।