भारतीय नौसेना पोत त्रिशूल ने भूमध्य सागर में अपनी जारी परिचालन तैनाती के तहत 28 अक्टूबर 2026 को चिविटावेक्किया, इटली में अपनी पोर्ट कॉल संपन्न की। इस पोर्ट कॉल ने पेशेवर संवाद, क्रॉस-डेक दौरों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से भारतीय नौसेना और इतालवी नौसेना के बीच समुद्री सहभागिता को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
अपने प्रवास के दौरान भा.नौ.पो. त्रिशूल ने इतालवी समकक्षों के साथ कई पेशेवर और सांस्कृतिक संवादों में भाग लिया। पोत आगंतुकों के लिए भी खुला रहा, जिसने बड़ी संख्या में उत्साही भारतीय प्रवासियों और स्थानीय लोगों को आकर्षित किया।
पेशेवर संवाद के तहत भा.नौ.पो. त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर ने इतालवी नौसेना के फ्लीट कमांडर से भेंट की। पोत के कर्मीदल ने चिविटावेक्किया में इतालवी नौसेना के विमानवाहक पोत आई.टी.एस. कावूर का भी दौरा किया। इन गतिविधियों ने दोनों नौसेनाओं के बीच पेशेवर संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान के अवसर प्रदान किए।
इटली में भारत की राजदूत महामहिम सुश्री वाणी राव और इतालवी नौसेना के फ्लीट कमांडर तथा सी.आई.एन.सी.एन.ए.वी. वाइस एडमिरल ऑरेलियो डी कैरोलिस ने भा.नौ.पो. त्रिशूल का दौरा किया और पोत के कर्मीदल से संवाद किया। उन्होंने पोत पर आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लिया, जिसमें चिविटावेक्किया के महापौर, इतालवी नौसेना और तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारी, 13 देशों के रक्षा प्रतिनिधि, नागरिक गणमान्य व्यक्ति और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य एक साथ आए। इस कार्यक्रम ने नौसैनिक प्रतिनिधियों, राजनयिक अधिकारियों और व्यापक समुदाय के सदस्यों के बीच संवाद का मंच प्रदान किया, जिससे पोर्ट कॉल के दौरान पेशेवर गतिविधियों को और बल मिला।
इस पोर्ट कॉल ने भारत और इटली के बीच स्थायी समुद्री साझेदारी तथा आपसी समझ और पेशेवर संबंधों को बढ़ावा देने में निरंतर नौसैनिक सहभागिता के महत्व को दर्शाया। भा.नौ.पो. त्रिशूल अब भूमध्य सागर में अपनी परिचालन तैनाती के अगले चरण के लिए रवाना हो गया है।