भारतीय नौसेना की प्रमुख संगोष्ठी ने स्वदेशी समुद्री क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए उद्योग, स्टार्ट-अप, एम.एस.एम.ई. और शिक्षा जगत को एक साथ लाया
विचार-विमर्श में भविष्य के युद्ध में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम प्रौद्योगिकियों, हाइपरसोनिक्स और मानवरहित प्रणालियों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया
आई-डेक्स इकोसिस्टम को मजबूत करने, उद्योग सहयोग और स्वदेशी रक्षा नवाचारों के विस्तार पर बल
भारतीय नौसेना की प्रमुख नौसेना नवाचार और स्वदेशीकरण संगोष्ठी, स्वावलंबन 2026 का पाँचवाँ संस्करण 27 अक्टूबर 2026 को मानेकशॉ सेंटर, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। ‘नवाचार एवं स्वदेशीकरण से सशक्तिकरण’ विषय के अंतर्गत आयोजित इस दो दिवसीय संगोष्ठी ने उभरती प्रौद्योगिकियों, स्वदेशी रक्षा क्षमताओं और भारत के रक्षा नवाचार इकोसिस्टम को मजबूत करने पर विचार-विमर्श के लिए रक्षा बलों, उद्योग, स्टार्ट-अप, एम.एस.एम.ई., शिक्षा जगत और निवेशकों को एक साथ लाया।
पहले दिन की शुरुआत नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन द्वारा प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी के उद्घाटन और अवलोकन के साथ हुई। प्रदर्शनी में सफलता की कहानियाँ, समुद्री निगरानी, काउंटर-यू.ए.एस., कृत्रिम बुद्धिमत्ता और क्वांटम प्रौद्योगिकियाँ, एन.बी.सी.डी. और सुरक्षा, तथा दक्षता संवर्धक सहित विभिन्न विषयगत क्षेत्रों में स्वदेशी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शित वस्तुओं ने भारतीय नौसेना की परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप प्रौद्योगिकियाँ विकसित करने में भारतीय नवप्रवर्तकों की बढ़ती क्षमताओं को रेखांकित किया। नौसेना अताशे और रक्षा अताशे के साथ संवाद आयोजित किया गया, जिसमें एक प्रस्तुति के बाद प्रदर्शनी का भ्रमण कराया गया।
दिन की कार्यवाही ‘आत्मनिर्भरता के माध्यम से नवाचार और स्वदेशीकरण’ विषय पर एक संवादात्मक सत्र के साथ जारी रही, जिसका संचालन पूर्व नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल तरुण सोबती ने किया। इस सत्र में श्री श्रीधर वेम्बु, श्री निकुंज पराशर और सुश्री देबजानी घोष सहित प्रख्यात वक्ताओं ने प्रौद्योगिकी उद्यमिता, स्वदेशी उत्पाद विकास और प्रौद्योगिकी नीति पर अपने विचार साझा किए। विचार-विमर्श नवाचार-आधारित उद्यमशीलता इकोसिस्टम को बढ़ावा देने और नवीन विचारों को तैनाती योग्य समाधानों में बदलने पर केंद्रित रहा।
पूर्ण सत्र की शोभा माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में बढ़ाई, जिन्होंने प्रदर्शनी का दौरा किया और भाग लेने वाले उद्योग भागीदारों द्वारा विकसित स्वदेशी नवाचारों और तकनीकी समाधानों का अवलोकन किया। प्रदर्शकों के साथ उनके संवाद और उनके नवाचारों में गहरी रुचि ने भाग लेने वाले उद्योगों को प्रोत्साहित किया। माननीय रक्षा मंत्री ने रक्षा नवाचार और स्वदेशीकरण में उनके योगदान के सम्मान में संगोष्ठी के प्रख्यात वक्ताओं और आई-डेक्स नवप्रवर्तकों को सम्मानित भी किया। सत्र में स्वावलंबन 5.0 दस्तावेज़ और प्रौद्योगिकी अनिवार्यताओं, समस्या विवरणों और भविष्य की अवधारणाओं के संग्रह का विमोचन किया गया, जिसके बाद माननीय रक्षा मंत्री का संबोधन हुआ। (https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=2328590)
दूसरे दिन भविष्य की प्रौद्योगिकियों और रक्षा उत्कृष्टता के लिए नवाचार (आई-डेक्स) इकोसिस्टम के माध्यम से आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के उपायों पर केंद्रित दो संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए।
पहले सत्र, ‘भविष्य की और उभरती प्रौद्योगिकियाँ’, का संचालन पूर्व नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल एस.जे. सिंह (सेवानिवृत्त) ने किया, जिसमें श्री अंकित मेहता, श्री राहुल नायर और श्री सौरव झा वक्ता थे। चर्चा समन्वित बहु-क्षेत्रीय अभियानों को सक्षम बनाने, स्थितिजन्य जागरूकता बढ़ाने और सूचित निर्णय लेने में सहायता करने में मानवरहित प्रणालियों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) की उभरती भूमिका पर केंद्रित रही। क्वांटम प्रौद्योगिकियों पर विचार-विमर्श में संचार और संवेदन में उभरते अनुप्रयोगों पर चर्चा हुई, जबकि हाइपरसोनिक प्रौद्योगिकियों पर चर्चा में भविष्य की रक्षा क्षमताओं को आकार देने में उनके महत्व को रेखांकित किया गया।
दूसरे सत्र, ‘आत्मनिर्भरता और आई-डेक्स इकोसिस्टम को बढ़ावा’, का संचालन पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल के.बी. सिंह (सेवानिवृत्त) ने किया, जिसमें श्री ए.पी.वी.एस. प्रसाद, श्री पंकज चड्ढा और प्रो. मनन सूरी वक्ता थे। चर्चा में मानवरहित प्रणालियों के लिए सिस्टम इंजीनियरिंग, परीक्षण और प्रमाणन प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने, स्टार्ट-अप नवाचारों को बड़े रक्षा प्लेटफार्मों में एकीकृत करने और स्वदेशी आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। सत्र में शैक्षणिक अनुसंधान को व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य डीप-टेक समाधानों में बदलने और स्टार्ट-अप, शिक्षा जगत, प्रमाणन एजेंसियों तथा स्थापित रक्षा उद्योगों के बीच घनिष्ठ सहयोग को बढ़ावा देने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
निवेशकों और वेंचर कैपिटलिस्टों के साथ संवाद ने स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकियों के वित्तपोषण, विस्तार और व्यावसायीकरण के मार्ग तलाशने का अवसर प्रदान किया। इन संवादों ने आशाजनक नवाचारों को प्रोटोटाइप विकास से उत्पादन और परिचालन तैनाती तक आगे बढ़ाने में निरंतर वित्तीय और संस्थागत समर्थन के महत्व को रेखांकित किया।
संगोष्ठी के हिस्से के रूप में आयोजित प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी ने नवप्रवर्तकों, उद्योग प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं और रक्षा हितधारकों के बीच संवाद को निरंतर सुगम बनाया। प्रदर्शनी ने प्रौद्योगिकी विकासकर्ताओं को संभावित उपयोगकर्ताओं से जुड़ने, परिचालन आवश्यकताओं को समझने और स्वदेशी समाधानों के आगे के विकास और एकीकरण के मार्ग तलाशने का अवसर प्रदान किया।
दो दिनों के दौरान स्वावलंबन 2026 ने परिचालन आवश्यकताओं, तकनीकी नवाचार और स्वदेशी औद्योगिक क्षमताओं के बढ़ते अभिसरण को रेखांकित किया। विचार-विमर्श में प्रोटोटाइप विकास से आगे बढ़कर परीक्षण, प्रमाणन, विनिर्माण, विस्तार और अंततः परिचालन शामिलीकरण की दिशा में बढ़ने के महत्व पर बल दिया गया। घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना, उद्योग-शिक्षा जगत सहयोग को सुगम बनाना और स्टार्ट-अप तथा एम.एस.एम.ई. की अधिक भागीदारी को सक्षम बनाना स्थायी रक्षा आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में उभरे।
संगोष्ठी ने नवाचार को बढ़ावा देने, स्वदेशी रक्षा औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूत करने और स्वदेशी प्रौद्योगिकियों को परिचालन क्षमताओं में बदलने की प्रक्रिया को गति देने के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की। उद्योग, शिक्षा जगत और व्यापक नवाचार इकोसिस्टम के साथ निरंतर सहयोग के माध्यम से भारतीय नौसेना समुद्री तैयारियों और भविष्य की परिचालन तत्परता को बढ़ाते हुए आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रही है।