भारतीय नौसेना का स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और निर्मित गाइडेड मिसाइल स्टेल्थ फ्रिगेट, भारतीय नौसेना पोत सह्याद्रि, भारत-कोरिया गणराज्य नौसेना (आई.एन.-आर.ओ.के.एन.) द्विपक्षीय अभ्यास में भाग लेने के लिए 26 अक्टूबर 2026 को बुसान नौसेना बंदरगाह, कोरिया गणराज्य पहुँचा। यह यात्रा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करने और अंतर-संचालनीयता बढ़ाने की दिशा में एक और कदम है।
कोरिया गणराज्य नौसेना (आर.ओ.के.एन.) द्वारा भा.नौ.पो. सह्याद्रि का हार्दिक स्वागत किया गया, जो भारत और कोरिया गणराज्य के बीच बढ़ती सहभागिता और स्थायी रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।
बंदरगाह चरण के दौरान दोनों नौसेनाओं के कर्मी पेशेवर संवाद, क्रॉस-डेक दौरों, क्रॉस-ट्रेनिंग गतिविधियों और खेल आयोजनों में भाग लेंगे। ये गतिविधियाँ परिचालन अनुभवों और सर्वोत्तम पद्धतियों के आदान-प्रदान को सुगम बनाएँगी, साथ ही आपसी समझ और पेशेवर सौहार्द को बढ़ावा देंगी। भा.नौ.पो. सह्याद्रि के कमांडिंग ऑफिसर आर.ओ.के.एन. के वरिष्ठ अधिकारियों से भी भेंट करेंगे। बंदरगाह चरण के बाद समुद्र में भा.नौ.पो. सह्याद्रि और आर.ओ.के.एस. मुनमु द ग्रेट की भागीदारी के साथ समन्वित समुद्री गतिविधियाँ होंगी, जो दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय को मजबूत करने, अंतर-संचालनीयता बढ़ाने और पेशेवर संबंधों को सुदृढ़ करने के अवसर प्रदान करेंगी।
यह अभ्यास समुद्री सहयोग को मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा में योगदान देने के प्रति भारत और कोरिया गणराज्य की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। यह पेशेवर सहभागिता और परिचालन सहयोग के माध्यम से मित्र विदेशी नौसेनाओं के साथ स्थायी साझेदारी बनाने के भारतीय नौसेना के निरंतर प्रयासों को भी दर्शाता है।