Skip to main content

Home Quick Menu

सिंगापुर-भारत समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास (एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026) का 33वां संस्करण विशाखापत्तनम में आरंभ

सिंगापुर-भारत समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास (एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026) का 33वां संस्करण विशाखापत्तनम में आरंभ
सिंगापुर-भारत समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास (एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026) का 33वां संस्करण विशाखापत्तनम में आरंभ

सिंगापुर-भारत समुद्री द्विपक्षीय अभ्यास (एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026) का 33वां संस्करण 21 से 26 अक्टूबर 2026 तक विशाखापत्तनम में आयोजित किया जा रहा है। सिंगापुर गणराज्य नौसेना (आर.एस.एन.) का पोत आर.एस.एस. सुप्रीम इस अभ्यास में भाग लेने के लिए 21 अक्टूबर 2026 को विशाखापत्तनम पहुँचा।

एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026 का उद्घाटन समारोह 21 अक्टूबर 2026 को भा.नौ.पो. नीलगिरि और भा.नौ.पो. कमोर्टा पर आयोजित किया गया। इस समारोह में पूर्वी नौसेना कमान के मुख्य स्टाफ अधिकारी (संचालन), आर.एस.एन. के फ्लीट कमांडर और दोनों नौसेनाओं के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

वर्ष 1994 में अभ्यास लायन किंग के रूप में अपनी शुरुआत के बाद से एस.आई.एम.बी.ई.एक्स. भारतीय नौसेना और आर.एस.एन. के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समुद्री सहभागिता के रूप में विकसित हुआ है। वर्षों के दौरान इस अभ्यास के दायरे और जटिलता में विस्तार हुआ है, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच पेशेवर संबंध, आपसी समझ और परिचालन अंतर-संचालनीयता मजबूत हुई है।

यह अभ्यास दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। 21 से 23 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले हार्बर चरण में पेशेवर संवाद, विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (एस.एम.ई.ई.), क्रॉस-डेक दौरे, खेल गतिविधियाँ और योजना सम्मेलन शामिल होंगे। बंगाल की खाड़ी में 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित समुद्री चरण में समुद्री अभियान और सामरिक अभ्यास होंगे, जिनमें पनडुब्बी-रोधी युद्ध (ए.एस.डब्ल्यू.), सतह-रोधी और वायु-रोधी युद्ध अभ्यास, सीमैनशिप गतिविधियाँ और सामरिक युद्धाभ्यास शामिल हैं।

एस.आई.एम.बी.ई.एक्स.-2026 भारत और सिंगापुर के बीच दीर्घकालिक समुद्री साझेदारी तथा अंतर-संचालनीयता बढ़ाने, साझा समुद्री सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि करता है।