Skip to main content

Home Quick Menu

भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री अभ्यास (आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. IX 2026) के नौवें संस्करण का समापन

भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री अभ्यास (आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. IX 2026) के नौवें संस्करण का समापन
भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री अभ्यास (आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. IX 2026) के नौवें संस्करण का समापन
भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री अभ्यास (आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. IX 2026) के नौवें संस्करण का समापन
भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री अभ्यास (आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. IX 2026) के नौवें संस्करण का समापन

भारत-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री (आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर.) अभ्यास 2026 का नौवाँ संस्करण 20 अक्टूबर 2026 को साइमन्स टाउन, दक्षिण अफ्रीका में संपन्न हुआ। इस अभ्यास में भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका की नौसेनाएँ पेशेवर संवादों और समुद्री गतिविधियों की एक श्रृंखला के लिए एक साथ आईं, जिनका उद्देश्य तीनों समुद्री बलों के बीच अंतर-संचालनीयता बढ़ाना, परिचालन सहयोग को मजबूत करना और आपसी समझ को और गहरा करना था।

समापन समारोह हार्बर और समुद्री चरणों के दौरान आयोजित दस दिनों की संयुक्त गतिविधियों के समापन का प्रतीक था। भाग लेने वाले कर्मियों ने पेशेवर आदान-प्रदान, परिचालन संवाद और संयुक्त प्रशिक्षण में हिस्सा लिया और एक-दूसरे की प्रक्रियाओं, क्षमताओं तथा समुद्र में परिचालन के तरीकों के बारे में बहुमूल्य जानकारी प्राप्त की। इन गतिविधियों से भाग लेने वाली नौसेनाओं के बीच परिचय और विश्वास बढ़ा, जिससे वे समुद्री क्षेत्र में बेहतर तालमेल के साथ मिलकर काम करने में सक्षम हुईं।

समापन समारोह में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए भा.नौ.पो. तरकश के कमांडिंग ऑफिसर ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. जैसे अभ्यास दीर्घकालिक राजनयिक संबंधों को सार्थक नौसैनिक सहयोग में बदलने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे अभ्यासों की वास्तविक शक्ति केवल समुद्र में संयुक्त गतिविधियाँ संचालित करने में ही नहीं, बल्कि साझा अनुभवों, पेशेवर आदान-प्रदान और पारस्परिक सीख के माध्यम से कर्मियों के बीच बनने वाले संबंधों में भी निहित है।

आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका के बीच स्थायी समुद्री संबंधों का उत्कृष्ट उदाहरण है। तीन महाद्वीपों में स्थित और समुद्री क्षेत्र से जुड़े इन तीनों देशों का सुरक्षित, संरक्षित और स्थिर समुद्रों में साझा हित है। यह त्रिपक्षीय अभ्यास उनकी नौसेनाओं को साझा समुद्री चुनौतियों का समाधान करने, सर्वोत्तम पद्धतियों का आदान-प्रदान करने और एक साथ काम करने की अपनी क्षमता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है, जिससे शांतिपूर्ण समुद्री वातावरण में योगदान मिलता है।

इस अभ्यास ने समुद्र में संयुक्तता के महत्व की भी पुनः पुष्टि की, जिसमें बार-बार के संवादों, साझा प्रशिक्षण और समुद्री अभियानों की साझा समझ के माध्यम से अंतर-संचालनीयता विकसित हुई। भाग लेने वाली इकाइयों के कर्मीदल के बीच बने पेशेवर संबंध अभ्यास के बाद भी बने रहते हैं, जो संस्थागत संबंधों को मजबूत करते हैं और भविष्य के सहयोग की नींव रखते हैं।

आई.बी.एस.ए.एम.ए.आर. IX 2026 का सफल समापन नियम-आधारित व्यवस्था पर आधारित सुरक्षित, संरक्षित और खुले समुद्रों के समर्थन में समुद्री सहयोग को मजबूत करने और अंतर-संचालनीयता बढ़ाने के प्रति भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।