कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सी.एस.एल.), कोच्चि द्वारा निर्मित तीसरे पनडुब्बी रोधी युद्धक उथले जल पोत (ए.एस.डब्ल्यू.-एस. डब्ल्यू.सी.) मैंग्रोल को 12 अक्टूबर 2026 को नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई में भारतीय नौसेना की सेवा में शामिल किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल संजय वात्सायन द्वारा की जाएगी। इस समारोह में नौसेना और रक्षा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, रक्षा मंत्रालय और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक तथा स्वदेशी हथियार और सेंसर निर्माताओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।गुजरात के जूनागढ़ जिले के तटीय नगर और प्रमुख मत्स्य हार्बर मांगरोल के नाम पर नामित यह पोत 07 अप्रैल 2004 तक भारतीय नौसेना में सेवा देने वाले माइनस्वीपर पूर्ववर्ती भा.नौ.पो. मैंग्रोल (एम85) की विरासत को आगे बढ़ाता है। इस पोत का नामकरण अपने पूर्व युद्धपोतों की विरासत को संरक्षित रखने की नौसेना की परंपरा को जारी रखता है।
80% से अधिक स्वदेशी सामग्री के साथ निर्मित मैंग्रोल युद्धपोत डिज़ाइन, निर्माण तथा उन्नत हथियारों और सेंसरों के एकीकरण में भारत की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाता है। भारत सरकार की मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहलों के अंतर्गत सी.एस.एल. द्वारा निर्मित यह पोत रक्षा पोत निर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।तटीय और उथले जल में जलगत खतरों का पता लगाने और उनका मुकाबला करने के लिए डिज़ाइन किया गया मैंग्रोल आधुनिक हथियारों और सेंसरों से सुसज्जित है, जिनमें अभय हल-माउंटेड सोनार, हल्के टॉरपीडो, एक स्वदेशी पनडुब्बी रोधी रॉकेट लॉन्चर और मारीच उन्नत टॉरपीडो डिकॉय प्रणाली शामिल हैं। वॉटरजेट प्रणोदन युक्त तीन डीज़ल इंजनों से संचालित यह पोत उथले जल में अभियानों के लिए उच्च गतिशीलता प्रदान करता है। यह जलगत निगरानी, कम तीव्रता वाले समुद्री अभियानों और सुरंग युद्ध से संबंधित कार्यों को करने में भी सक्षम है।
मैंग्रोल विशेष रूप से उन तटीय जल क्षेत्रों में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमताओं को सुदृढ़ करेगा, जहां बड़े युद्धपोतों को परिचालन संबंधी सीमाओं का सामना करना पड़ता है। यह पोत पनडुब्बी खतरों का पता लगाने और उनका मुकाबला करने के लिए समुद्री गश्ती विमानों, हेलीकॉप्टरों और अन्य युद्धपोतों के साथ मिलकर काम कर सकता है। इसके शामिल होने से व्यापक बेड़ा अभियानों में सहयोग करते हुए पोर्टों, हार्बरों और तटीय प्रवेश मार्गों की सुरक्षा करने की नौसेना की क्षमता बढ़ेगी।बदलते समुद्री सुरक्षा परिवेश में बढ़ते जलगत खतरों के बीच मैंग्रोल का सेवा में शामिल होना विशेष रूप से तटीय जल क्षेत्रों में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इस पोत का शामिल होना भारत की बढ़ती स्वदेशी पोत निर्माण क्षमताओं को भी दर्शाता है और परिचालन तत्परता तथा आत्मनिर्भर भारत के प्रति नौसेना की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है।