Skip to main content

Home Quick Menu

भारतीय नौसेना नई दिल्ली के नौसेना भवन में कमांडर सम्मेलन 2026 के दूसरे संस्करण की मेजबानी करेगी

भारतीय नौसेना नई दिल्ली के नौसेना भवन में कमांडर सम्मेलन 2026 के दूसरे संस्करण की मेजबानी करेगी
भारतीय नौसेना नई दिल्ली के नौसेना भवन में कमांडर सम्मेलन 2026 के दूसरे संस्करण की मेजबानी करेगी

कमांडर सम्मेलन 2026/02 (भारतीय नौसेना के वर्ष में दो बार आयोजित होने वाले सम्मेलन का 2026 का दूसरा संस्करण) तीन दिनों की अवधि में 29 सितंबर 2026 से 01 अक्टूबर 2026 तक नौसेना भवन, नई दिल्ली में आयोजित होना निर्धारित है। नौसेना के शीर्ष स्तरीय मंच के रूप में यह सम्मेलन बाहर तैनात परिचालन एवं क्षेत्रीय कमांडरों सहित वरिष्ठ नौसेना नेतृत्व को सैन्य-रणनीतिक स्तर पर परिचालन तैयारियों की व्यापक समीक्षा करने और एक संस्थागत तंत्र के माध्यम से वरिष्ठ सरकारी पदाधिकारियों से संवाद करने का अवसर प्रदान करता है।यह सम्मेलन पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के बीच ‘ऊर्जा सुरक्षा’ सहित भारत के समुद्री हितों की रक्षा में भारतीय नौसेना के योगदान को रेखांकित करने में निर्णायक होगा। जारी ऑपरेशन ऊर्जा सुरक्षा का नौसेना द्वारा दृढ़ संचालन और एक विश्वसनीय समुद्री बल के रूप में उसका उभरना हिंद महासागर क्षेत्र और उससे आगे पसंदीदा सुरक्षा साझेदार के रूप में उसकी प्रतिष्ठा को और मजबूत करता है।

उद्घाटन दिवस पर माननीय रक्षा मंत्री राष्ट्रीय समुद्री परिप्रेक्ष्य और भारतीय नौसेना से अपेक्षाओं पर अपना दृष्टिकोण और मार्गदर्शन साझा करेंगे। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष और थल सेना प्रमुख भी त्रि-सेवा तालमेल और एकीकरण को बढ़ावा देने के लिए नौसेना कमांडरों के साथ संवाद करेंगे।बाद के दिनों में नौसेना प्रमुख कमांडर-इन-चीफ के साथ मुख्य फोकस क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे, अर्थात् संचालन, मैटेरियल, लॉजिस्टिक्स, मानव संसाधन, प्रशिक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, बिग डेटा विश्लेषण (बी.डी.ए.), स्वायत्त/मानवरहित प्रणालियों जैसी विशिष्ट प्रौद्योगिकियों का समावेशन तथा साइबर संचालन, जिससे अत्याधुनिक युद्ध अवधारणाओं को आत्मसात करने और प्रौद्योगिकी अवशोषण में तेजी लाने की आवश्यकता को बल मिलेगा।

व्यापक फलक पर नौसेना का शीर्ष नेतृत्व भारत सरकार के आत्मनिर्भरता और विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण की प्राप्ति की दिशा में ‘जय – संयुक्तता, आत्मनिर्भरता, नवाचार’ के तीन मूलभूत स्तंभों के अनुरूप बल स्तर को अनुकूलित करने और युद्ध तत्परता बढ़ाने के लिए समग्र तैयारियों का आकलन करेगा। भारतीय नौसेना राष्ट्र की सेवा में युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय, एकजुट और भविष्य के लिए तैयार बल के रूप में अपने मार्ग पर अडिग रहते हुए उच्च परिचालन गति बनाए हुए है।