अपनी तैनाती के तहत, भारतीय नौसेना के गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट भा.नौ.पो. त्रिशूल ने 14 से 17 सितंबर 2026 तक अलेक्जेंड्रिया, मिस्र में पोर्ट कॉल किया। अलेक्जेंड्रिया हार्बर पहुँचने पर मिस्र के नौसेना पोत अल कदीर द्वारा अनुरक्षण के साथ पोत का हार्दिक स्वागत किया गया। भा.नौ.पो. त्रिशूल के कमांडिंग ऑफिसर और चालक दल ने चैटबी युद्ध स्मारक पर दोनों विश्व युद्धों के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस स्मारक में 12 समाधियाँ हैं और इस पर उन 19 भारतीय सैनिकों के नाम अंकित हैं जिनकी पूर्वी भूमध्य सागर में डूबे पोतों में मृत्यु हुई थी।
मिस्र में भारत के राजदूत महामहिम सुरेश के. रेड्डी ने भा.नौ.पो. त्रिशूल का दौरा किया और पोत के चालक दल से बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने क्षेत्र में भारतीय नौसेना की उपस्थिति के महत्व पर प्रकाश डाला। भा.नौ.पो. त्रिशूल ने मिस्र की नौसेना के पोत ई.एन.एस. बर्नीस के साथ पैसेज एक्सरसाइज (पी.ए.एस.एस.ई.एक्स.) की। इस अभ्यास में समन्वित युद्धाभ्यास ड्रिल, संचार अभ्यास और समुद्र में पुनःपूर्ति के लिए अप्रोच शामिल थे, जिससे दोनों नौसेनाओं के कर्मियों को व्यावसायिक विशेषज्ञता का आदान-प्रदान करने और अंतर-संचालनीयता बढ़ाने का अवसर मिला।
यह पोर्ट कॉल और पी.ए.एस.एस.ई.एक्स. भारतीय नौसेना और मिस्र की नौसेना के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की पुनः पुष्टि करते हैं और दोनों मित्र राष्ट्रों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करने में योगदान देते हैं।