नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन 09 सितंबर 2026 से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इस यात्रा का उद्देश्य रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी (आर.ए.एन.) और रॉयल न्यूजीलैंड नेवी (आर.एन.जेड.एन.) के साथ भारतीय नौसेना के द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना है।
ऑस्ट्रेलिया की यह यात्रा भारत–ऑस्ट्रेलिया संबंधों में बढ़ती गति को आगे बढ़ाती है, जो जुलाई 2026 में हुए तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन और जून 2026 में हुए दूसरे भारत–ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्री स्तरीय संवाद के बाद देखने को मिली है। दोनों देश समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग सहित रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को लगातार गहरा करते रहे हैं। यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख आर.ए.एन. के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ रक्षा नेतृत्व से संवाद करेंगे। इन संवादों से जारी नौसैनिक सहयोग की समीक्षा करने तथा दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन संपर्क, अंतर-संचालनीयता, सूचना साझाकरण, प्रशिक्षण और व्यावसायिक आदान-प्रदान को मजबूत करने के रास्ते तलाशने का अवसर मिलेगा।
नौसेना प्रमुख महत्वपूर्ण परिचालन एवं प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेंगे और आर.ए.एन. के कर्मियों से बातचीत करेंगे। इन संवादों में समुद्री क्षमताओं, उभरती प्रौद्योगिकियों और व्यावसायिक सैन्य शिक्षा पर चर्चा शामिल होगी, जो दोनों नौसेनाओं के बीच सहयोग के बढ़ते दायरे को दर्शाती है। न्यूजीलैंड की यह यात्रा भारत–न्यूजीलैंड संबंधों में नई गति को आगे बढ़ाती है, जो जुलाई 2026 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के बाद देखने को मिली है। उस यात्रा के दौरान भारत और न्यूजीलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुँचाया और रक्षा एवं समुद्री सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने पर सहमति व्यक्त की।
न्यूजीलैंड में नौसेना प्रमुख आर.एन.जेड.एन. के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे और न्यूजीलैंड के वरिष्ठ रक्षा नेतृत्व से संवाद करेंगे। इन संवादों का ध्यान दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन संपर्क, सूचना साझाकरण, प्रशिक्षण और व्यावसायिक आदान-प्रदान को और मजबूत करने पर रहेगा। नौसेना प्रमुख महत्वपूर्ण परिचालन एवं प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेंगे तथा रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के कर्मियों और व्यावसायिक सैन्य शिक्षा प्राप्त कर रहे अधिकारियों से बातचीत करेंगे। यह यात्रा हाल ही में संपन्न हुए समुद्री सहयोग समझौते की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण है, जो भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यावहारिक समुद्री सहयोग के लिए एक विस्तृत ढाँचा प्रदान करता है। यह यात्रा ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ भारत के बढ़ते रक्षा एवं समुद्री जुड़ाव को तथा व्यावहारिक और निरंतर समुद्री संपर्क के माध्यम से रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी और रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के साथ सहयोग को और गहरा करने की भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता में योगदान देती है।