श्रीलंका नौसेना के कमांडर का पदभार संभालने के बाद प्रथम यात्रा श्रीलंका नौसेना के कमांडर वाइस एडमिरल डेमियन फर्नांडो 26 से 29 अगस्त 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच नौसेना-से-नौसेना संवाद बढ़ाना है।
वाइस एडमिरल डेमियन फर्नांडो को नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्होंने 27 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीरगति प्राप्त सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन के साथ द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की, जिसमें संयुक्त अभियान, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा से संबंधित उपाय शामिल रहे।
यात्रा के दौरान वाइस एडमिरल फर्नांडो वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और सहयोग एवं साझेदारी की संभावनाएँ तलाशने के लिए भारतीय रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे।यात्रा के तहत वाइस एडमिरल फर्नांडो दोनों नौसेनाओं के बीच प्रशिक्षण संबंधों और व्यावसायिक आदान-प्रदान को बढ़ाने पर ध्यान देते हुए भारतीय नौसेना के प्रशिक्षण प्रतिष्ठानों और मुख्यालय दक्षिणी नौसेना कमान का दौरा करने कोच्चि जाएँगे।श्रीलंका नौसेना भारतीय नौसेना की एक महत्वपूर्ण और पुरानी समुद्री साझेदार है। वाइस एडमिरल डेमियन फर्नांडो की यात्रा से भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे और बहुआयामी नौसेना-से-नौसेना संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है, जिससे समुद्री सहयोग बढ़ेगा और हिंद महासागर क्षेत्र में अधिक स्थिरता आएगी।