भारतीय नौसेना निस्तार-श्रेणी के दूसरे गोताखोरी सहायता पोत (डी.एस.वी.) निपुण को 31 अगस्त 2026 को नेवल डॉकयार्ड, मुंबई में सेवा में शामिल करने जा रही है। इस विशेष पोत का शामिल होना नौसेना की गहरे समुद्र में गोताखोरी और जलमग्न सहायता क्षमताओं में एक महत्वपूर्ण वृद्धि होगा तथा निर्माण से परिचालन सेवा तक की इस पोत की यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत का सूचक होगा।
विशाखापत्तनम स्थित हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (एच.एस.एल.) द्वारा स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और निर्मित निपुण रक्षा जहाज निर्माण में आत्मनिर्भरता की भारत की खोज में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। व्यापक आउटफिटिंग एवं परीक्षण कार्यक्रम पूरा होने के बाद यह पोत 30 जुलाई 2026 को भारतीय नौसेना को सौंपा गया था।निपुण एक विशेष रूप से निर्मित प्लेटफॉर्म है जिसे गोताखोरी और जलमग्न अभियानों की व्यापक शृंखला में सहायता देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह पोत आधुनिक गोताखोरी प्रणालियों और जलमग्न हस्तक्षेप क्षमताओं से सुसज्जित है, जो समुद्र में कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले गोताखोरों को निरंतर सहायता उपलब्ध कराती हैं। यह पनडुब्बी बचाव अभियानों में सहायता देने की भारतीय नौसेना की क्षमता को भी बढ़ाएगा।
इस पोत में नौवहन, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और सटीक स्टेशन कीपिंग के लिए आधुनिक प्रणालियाँ लगी हैं, जिनके साथ गोताखोरी, जलमग्न हस्तक्षेप और चिकित्सा सहायता की विशेष सुविधाएँ भी जुड़ी हैं। इन क्षमताओं के चलते निपुण सतह के नीचे होने वाले जटिल अभियानों के लिए एक एकीकृत प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य कर सकता है।निपुण के शीघ्र ही सेवा में शामिल होने से भारत के समुद्री हित क्षेत्रों में विशेष गोताखोरी और जलमग्न अभियान चलाने की भारतीय नौसेना की क्षमता और मजबूत होगी। इस स्वदेशी निर्मित प्लेटफॉर्म का शामिल होना नौसेना की परिचालन आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए तकनीकी रूप से उन्नत और विशेष पोत तैयार करने की देश के जहाज निर्माण तंत्र की बढ़ती क्षमता को भी दर्शाता है।