भारतीय नौसेना का पाल प्रशिक्षण पोत भा.नौ.पो. सुदर्शिनी जारी लोकायन 2026 यात्रा के तहत 13 अगस्त 2026 को पुर्तगाल के अज़ोरेस स्थित पोंटा डेलगाडा पोर्ट पहुँचा। इस आगमन के साथ अटलांटिक महासागर के पार बोस्टन, अमेरिका से शुरू हुई 19 दिन की चुनौतीपूर्ण महासागरीय यात्रा सफलतापूर्वक पूरी हुई। यह भा.नौ.पो. सुदर्शिनी की दूसरी अटलांटिक यात्रा है, जो उसके चालक दल की सहनशक्ति, दृढ़ता और नौकायन कौशल को दर्शाती है।
पहुँचने पर पोत का पुर्तगाली नौसेना द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया। यह पोर्ट कॉल भारत की समृद्ध समुद्री विरासत, मित्रता और समुद्री सहयोग का संदेश आगे बढ़ाता है। पोर्ट कॉल के दौरान भा.नौ.पो. सुदर्शिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने अज़ोरेस समुद्री क्षेत्र के कमांडर (सी.ओ.एम. सी.जेड.एम.ए.) कोमोडोरो लुईस निकोलसन लावराडोर से भेंट की। पोत व्यावसायिक बातचीत, परिचालन पुनःपूर्ति और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में भाग लेगा, जिससे भारत और पुर्तगाल के बीच समुद्री संबंध और मजबूत होंगे।
15,000 से अधिक समुद्री मील की दूरी तय करते हुए भा.नौ.पो. सुदर्शिनी सद्भावना और भारत की जीवंत समुद्री विरासत के तैरते राजदूत के रूप में अपनी यात्रा जारी रखे हुए है।