नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन 10 से 13 अगस्त 2026 तक चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मॉरीशस में हैं। यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण साझेदार मॉरीशस के साथ द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को सुदृढ़ करने तथा रक्षा संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के भारत के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख मॉरीशस सरकार के वरिष्ठ नेतृत्व से बातचीत करेंगे तथा आपसी हित के विषयों पर चर्चा करेंगे, जिनमें समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग, क्षमता निर्माण और सैन्य सहयोग शामिल हैं। इस प्रकार की गतिविधियों का उद्देश्य समुद्री क्षेत्र में भारत-मॉरीशस सहयोग को सुदृढ़ करना, परिचालन स्तर पर संपर्कों को बढ़ाना तथा भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत सामरिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाना है।
भारत और मॉरीशस के बीच घनिष्ठ और स्थायी समुद्री साझेदारी है। भारतीय नौसेना प्रशिक्षण आदान-प्रदान, संयुक्त अनन्य आर्थिक क्षेत्र (ई.ई.जेड.) निगरानी सहित परिचालन गतिविधियों, पोर्ट यात्राओं और हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षणों के माध्यम से राष्ट्रीय तटरक्षक बल के साथ नियमित रूप से जुड़ी रहती है। दोनों देश बहुपक्षीय मंचों और सहयोगात्मक पहलों में भी एक-दूसरे के साथ भाग लेते और संवाद करते हैं। मॉरीशस भारतीय नौसेना की प्रमुख पहलों में नियमित रूप से भाग लेता रहा है, जिनमें हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी, मिलन, अंतर्राष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा, गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव, आई.ओ.एस. एस.ए.जी.ए.आर. और अभ्यास ऐक्यमे शामिल हैं। यह दोनों देशों की साझा महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) परिकल्पना को उपयुक्त रूप से दर्शाता है।
नौसेना प्रमुख का पदभार ग्रहण करने के बाद एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की यह मॉरीशस यात्रा मॉरीशस के साथ भारत की मित्रता को दी जाने वाली प्राथमिकता को रेखांकित करती है, जो पारस्परिक सम्मान, विश्वास तथा समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय सहयोग और हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है।