भारतीय नौसेना–अमेरिकी नौसेना विस्फोटक आयुध निष्क्रियकरण (ई.ओ.डी.) अभ्यास 2026 दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि में 10 से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाना निर्धारित है। इस द्विपक्षीय अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के विशेषज्ञ गोताखोरी और ई.ओ.डी. दलों के बीच अंतर-संचालनीयता बढ़ाना तथा व्यावसायिक सहयोग को सुदृढ़ करना है।पाँच दिवसीय इस अभ्यास में विषय विशेषज्ञ आदान-प्रदान (एस.एम.ई.ई.), क्रॉस-ट्रेनिंग, उपकरण प्रदर्शन तथा परिदृश्य आधारित व्यावहारिक अभ्यास शामिल होंगे। यह कार्यक्रम समकालीन ई.ओ.डी. पद्धतियों, उभरती प्रौद्योगिकियों और सर्वोत्तम पद्धतियों के आदान-प्रदान को सुगम बनाएगा तथा दोनों पक्षों को एक-दूसरे की क्षमताओं, परिचालन अवधारणाओं और तैनाती संबंधी दृष्टिकोणों को समझने का अवसर भी देगा।
यह अभ्यास सहयोगात्मक शिक्षण और परिचालन तालमेल को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है, जिससे दोनों नौसेनाओं के कर्मी प्रक्रियाओं को परिष्कृत कर सकेंगे, आपसी समझ बढ़ा सकेंगे तथा जटिल और निरंतर बदलती ई.ओ.डी. चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने की अपनी क्षमता को सुदृढ़ कर सकेंगे। भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना वर्ष 2005 से संयुक्त साल्वेज और ई.ओ.डी. अभ्यास करती आ रही हैं। आगामी अभ्यास इस विशिष्ट द्विपक्षीय प्रशिक्षण अभ्यास का आठवाँ संस्करण है और यह अंतर-संचालनीयता बढ़ाने, परिचालन विशेषज्ञता साझा करने तथा विशिष्ट समुद्री अभियानों में सहयोग को सुदृढ़ करने के प्रति दोनों नौसेनाओं की सतत प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।